स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

बच्चों की डिजिटल सुरक्षा का मामला MeitY को सुपुर्द

बच्चों की डिजिटल सुरक्षा का मामला MeitY को सुपुर्द

डॉ. सुबोध कुमार की राष्ट्रपति को चिट्ठी पर सरकार ने लिया संज्ञान

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। बच्चों और युवाओं को सोशल मीडिया पर उपलब्ध हानिकारक, आपत्तिजनक, हिंसक और अनुचित कंटेंट से बचाने के लिए डॉ. सुबोध कुमार द्वारा राष्ट्रपति को भेजी गई अपील पर महत्वपूर्ण सरकारी कार्रवाई हुई है। राष्ट्रपति सचिवालय ने इस मामले को संबंधित मंत्रालय तक पहुंचाया, जिसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मामले को आगे की उचित कार्रवाई के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) को भेज दिया है।

हानिकारक कंटेंट पर चिंता

डॉ. सुबोध कुमार ने अपनी अपील में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बढ़ते हानिकारक कंटेंट, बच्चों और किशोरों पर इसके संभावित मनोवैज्ञानिक प्रभाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही को लेकर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने बच्चों, किशोरों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार एवं सुरक्षित विकास को ध्यान में रखते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिक प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। इस संबंध में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा 13 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक कार्यालय ज्ञापन में राष्ट्रपति सचिवालय से प्राप्त डॉ. सुबोध कुमार के प्रतिनिधित्व का उल्लेख किया गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया इंटरमीडियरी से संबंधित प्रावधान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इसी आधार पर यह मामला आगे की उचित कार्रवाई एवं याचिकाकर्ता को सीधे सूचित करने के लिए MeitY को भेजा गया है।

डिजिटल जिम्मेदारी अहम

डॉ. सुबोध कुमार ने इस घटनाक्रम पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “बच्चों और युवाओं को डिजिटल दुनिया में हानिकारक कंटेंट से सुरक्षित रखना आज की महत्वपूर्ण सामाजिक और राष्ट्रीय आवश्यकता है। डिजिटल स्वतंत्रता के साथ डिजिटल जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है। मेरा उद्देश्य किसी प्लेटफॉर्म की स्वतंत्रता को सीमित करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि डिजिटल वातावरण बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार और भविष्य के लिए सुरक्षित हो। मुझे उम्मीद है कि संबंधित मंत्रालय इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगा और जनहित में आवश्यक कदम उठाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि बच्चों की डिजिटल सुरक्षा केवल अभिभावकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सरकार, सोशल मीडिया कंपनियों, शिक्षण संस्थानों और समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

डॉ. सुबोध कुमार के बारे में

डॉ. सुबोध कुमार, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से मनोविज्ञान में पीएचडी हैं। वे कॉग्निटिव साइकोलॉजी, मानसिक स्वास्थ्य, मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और जन-जागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत हैं। वे CheckMyCognition के संस्थापक हैं और मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोवैज्ञानिक कल्याण से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करते हैं।

मूल विस्तृत पत्र पढ़ें:

https://subodhkumar.in/letter-sent-to-honble-president-of-india-for-internet-safety/

Related posts

हार्ट अटैक से बचना है तो ऐसा न करें कोरोना के मरीज

admin

नकली ORS पर सरकार ने लगायी रोक

admin

Covid-19 Impact on Economy and Remedial Measures

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment