स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

AIIMS ने रचा इतिहास, अजन्मे शिशु की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी

AIIMS ने रचा इतिहास, अजन्मे शिशु की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के शिशु की रीढ़ की हड्डी की ओपन सर्जरी की है। हाल ही न्यूरोसाइंस सेंटर में 6 घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी को भारत में पहली बार की गई ओपन फीटल सर्जरी बताया गया है। इसमें गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की हड्डी में जन्मजात खराबी को जन्म से पहले ही ठीक करने का प्रयास किया गया। इस सर्जरी में 30 से अधिक डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की बहुविषयक टीम शामिल रही।

थी जन्मजात बीमारी

मीडिया खबर के मुताबिक बच्चे को मायलोमेनिंगोसील (Myelomeningocele) नामक गंभीर जन्मजात बीमारी थी। इसमें रीढ़ की हड्डी का कुछ हिस्सा और उसे ढकने वाली झिल्लियां रीढ़ की हड्डी में बने खुले स्थान से बाहर निकल आती हैं। इससे तंत्रिका ऊतकों को नुकसान पहुंचता है। जन्म के बाद ऐसे बच्चों में पैरों में लकवा, चलने-फिरने में परेशानी और दिमाग में पानी भरने (Hydrocephalus) जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सामान्य तौर पर इसकी सर्जरी बच्चे के जन्म के बाद की जाती है, लेकिन तब तक नसों को नुकसान पहुंच चुका हो सकता है।

6 घंटे लंबा ऑपरेशन

एम्स के अनुसार इस सर्जरी की तैयारी पांच सप्ताह से अधिक समय तक चली। इसमें गर्भस्थ शिशु की विस्तृत जांच, अल्ट्रासाउंड और अन्य इमेजिंग, मां को बीमारी और सर्जरी के संभावित जोखिमों की जानकारी देने, एनेस्थीसिया की तैयारी और आपरेशन का अभ्यास शामिल था। न्यूरोसाइंस सेंटर में उच्च क्षमता वाली माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासाउंड की सहायता से सर्जरी की गई। न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रो. दीपक गुप्ता ने सर्जरी का नेतृत्व किया। मातृ-भ्रूण चिकित्सा एवं प्रसूति देखभाल की जिम्मेदारी प्रो. नीना मल्होत्रा और प्रो. के. अपर्णा शर्मा ने संभाली। एनेस्थीसियोलाजी विभाग की प्रो. विमि रेवरी और प्रो. रश्मि रामचंद्र और न्यूरोएनेस्थीसिया विभाग के प्रो. मिहिर प्रकाश पांडिया और प्रो. ज्ञानेंद्र पाल सिंह ने एनेस्थीसिया संबंधी जिम्मेदारी निभाई। रेडियोडायग्नोसिस विभाग की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. स्मिता मनचंदा ने सर्जरी से पहले की जांच और योजना बनाने में सहयोग किया। प्लास्टिक सर्जरी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. शशांक चौहान और बाल रोग विभाग के प्रो. रमेश के. अग्रवाल भी टीम में शामिल रहे। नर्सिंग टीम सहित 30 से अधिक विशेषज्ञों और स्वास्थ्यकर्मियों ने इस प्रक्रिया में भाग लिया।

बेहतर परिणाम की उम्मीद

प्रो. दीपक गुप्ता के अनुसार गर्भ में सर्जरी का उद्देश्य बाहर निकले तंत्रिका ऊतकों को लगातार होने वाले नुकसान को सीमित करना है। इससे जन्म के बाद दिमाग में पानी भरने की समस्या में शंट लगाने की आवश्यकता कम हो सकती है और कुछ बच्चों में चलने-फिरने से जुड़े परिणाम बेहतर हो सकते हैं। हालांकि यह बीमारी का पूर्ण उपचार नहीं है और बच्चे को आगे भी विशेषज्ञों की निगरानी की आवश्यकता होगी। अंतरराष्ट्रीय मैनेजमेंट आफ मायलोमेनिंगोसील (एमओएमएस) अध्ययन में पाया गया कि गर्भ में सर्जरी कराने वाले 40 प्रतिशत बच्चों को 12 महीने की उम्र तक दिमाग से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए शंट लगाने की आवश्यकता पड़ी, जबकि जन्म के बाद सर्जरी कराने वाले बच्चों में यह आंकड़ा 82 प्रतिशत था।

मुफ्त की गई सर्जरी

अध्ययन में मोटर क्षमता से जुड़े कुछ बेहतर परिणाम और चियारी-2 से संबंधित मस्तिष्क के पिछले हिस्से के नीचे खिसकने की समस्या में कमी भी सामने आई। हालांकि गर्भ में सर्जरी से समय से पहले प्रसव और गर्भाशय में बने आपरेशन के निशान से जुड़ी जटिलताओं का खतरा रहता है। इसलिए यह प्रक्रिया चुनिंदा मामलों में विशेषज्ञ केंद्रों पर ही की जाती है। डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि सर्जरी का पूरा खर्च केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम योजना के तहत निशुल्क किया गया है। मां और गर्भस्थ शिशु की गर्भावस्था से लेकर प्रसव और उसके बाद नवजात अवस्था तक लगातार निगरानी की जाएगी।

Related posts

कफ सिरप निर्यात के लिए सरकार की सख्ती, गाइडलाइन जारी

admin

दवाओं पर सख्त निगरानी, CCTV लगाना होगा अनिवार्य

admin

यूपी में बिना आयुष्मान कार्ड के राशन नहीं

admin

Leave a Comment