स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

व्यापार मेले में लगे ‘स्वास्थ्य मंडप’ में उमड़ी भीड़

व्यापार मेले में लगे 'स्वास्थ्य मंडप' में उमड़ी भीड़

नयी दिल्ली स्वस्थ भारत मीडिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के भारत मंडपम में भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा 14 से 27 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में ‘स्वास्थ्य मंडप’ में उत्साहजनक जनभागीदारी देखी जा रही है। मंडप में पहले पांच दिनों के दौरान कुल 12,189 से अधिक लोगों ने स्टॉल को देखा, जो स्वास्थ्य जागरूकता, निवारक जांच और सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य पहलों के बारे में जानकारी प्राप्त करने में जनता की गहरी रुचि को दर्शाता है। इस स्वास्थ्य मंडप का उद्घाटन 14 नवंबर, 2026 को नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने किया था। ‘युवा भारत, स्वस्थ भारत’ थीम पर आधारित यह मंडप जनभागीदारी, स्वास्थ्य शिक्षा और सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं सेवाओं की जानकारी के प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा

वर्तमान जनसंपर्क पहलों के हिस्से के रूप में वेक्टर जनित रोगों और फाइलेरिया से जुड़ी जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रस्तुतियों का उद्देश्य आगंतुकों को तपेदिक (टीबी), इसके लक्षणों, संक्रमण के तरीकों, रोकथाम, शुरुआती पहचान और समय पर उपचार के प्रति संवेदनशील बनाना है। नवाचारपूर्ण और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेश देने के लिए जादू के शो भी आयोजित किए जा रहे हैं। डॉक्टरों के टॉक शो और स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आगंतुकों को चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ संवाद करने, आम स्वास्थ्य चिंताओं को समझने तथा निवारक उपायों और स्वस्थ जीवनशैली पर मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

मुफ्त स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श

लाइव कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) प्रदर्शन, संवादात्मक प्रश्नोत्तरी और मंच से जुड़ी अन्य गतिविधियां आगंतुकों को आवश्यक स्वास्थ्य विधियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया तकनीकों और रोगों की रोकथाम से परिचित करा रही हैं। ये गतिविधियां इस मंडप को एक संवादात्मक शिक्षण स्थान में बदल रही हैं जो जानकारी, प्रदर्शन और जनभागीदारी के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दे रही हैं। भारत मंडपम के भूतल स्थित हॉल नंबर 4(जी) में 989 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला यह स्वास्थ्य मंडप 24 राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, कार्यक्रम प्रभागों और सहभागी संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले 39 स्टॉलों को एक मंच प्रदान करता है। आगंतुकों को स्वास्थ्य सेवाओं, बुनियादी स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श, काउंसलिंग और जानकारी की एक विस्तृत श्रृंखला निशुल्क प्रदान की जा रही है। इनमें बीएमआई मूल्यांकन, ब्लड शुगर जांच, रक्तचाप मापन, आंखों की नियमित जांच, मौखिक स्वास्थ्य जांच, श्रवण (सुनने की क्षमता) आकलन और ब्लड ग्रुपिंग सेवाएं शामिल हैं।

जागरूकता एवं काउंसलिंग भी

यह मंडप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, यू-विन डिजिटल टीकाकरण प्लेटफॉर्म और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी प्रदान करता है। आगंतुक एचआईवी/एड्स, यौन संचारित संक्रमणों, तपेदिक (टीबी), वेक्टर जनित रोगों, वायरल हेपेटाइटिस, कुष्ठ रोग और अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंताओं पर जागरूकता एवं काउंसलिंग का लाभ उठा सकते हैं। आगंतुकों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और लाभों से परिचित कराने के लिए ई-संजीवनी टेलीकंसल्टेशन सेवाओं, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) और आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) सहित डिजिटल स्वास्थ्य पहलों का भी प्रदर्शन किया जा रहा है।

बच्चों  के लिए किड्स ज़ोन

बच्चों को पारंपरिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर प्रदान करने के लिए एक समर्पित ‘किड्स ज़ोन’ स्थापित किया गया है। स्क्रीन-मुक्त जुड़ाव पर जोर देते हुए, यह ज़ोन शारीरिक गतिविधि, सामाजिक मेलजोल और खेल के माध्यम से सीखने को प्रोत्साहित करता है। इस पहल का उद्देश्य मंडप में आने वाले परिवारों को एक आकर्षक और आनंददायक अनुभव प्रदान करते हुए बच्चों को स्वस्थ आदतों के महत्व से परिचित कराना है। यह स्वास्थ्य मंडप पूरे आईआईटीएफ 2026 के दौरान कई प्रकार की संवादात्मक गतिविधियों, स्वास्थ्य जांच सुविधाओं, जागरूकता सत्रों और जनसंपर्क पहलों की मेजबानी करना जारी रखेगा, जिसका समापन 27 नवंबर 2026 को होगा।

Related posts

चंद्रयान की टेक्नोलॉजी ने नासा को भी ललचाया

admin

आयुष उपचार के लिए 7 राज्यों को 1712.54 करोड़

admin

Virucidal coating to prevent COVID-19 transmission

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment