नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI जल्द ही अस्पताल में डॉक्टर की मदद भी करेगा। अब डॉक्टर मरीजों पर ज्यादा समय दे सकेंगे क्योंकि मरीज की रिपोर्ट तैयार करने से लेकर कई तरह के रिकॉर्ड तैयार करने का काम एआई कर देगा। अब तक ऐसे काम भी डॉक्टरों को करने पड़ते हें। यह रिपोर्ट QuickBlox की है।
स्वास्थ्यकर्मियों की होगी किल्लत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कई देशों में स्वास्थ्य सेवाओं की मांग बढ़ रही है लेकिन उसके मुकाबले डॉक्टरों और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या कम पड़ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी चेतावनी दी है कि 2030 तक दुनिया में करीब एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों की कमी हो सकती है। ऐसे में हर डॉक्टर से ज्यादा से ज्यादा मरीज देखने की उम्मीद करना आसान नहीं है इसलिए जरूरत ऐसे तरीकों की है, जिनसे डॉक्टरों का समय उन कामों में लगे जो सीधे मरीज के इलाज से जुड़े हैं। डॉक्टरों के काम का एक बड़ा हिस्सा मरीज से बातचीत और जांच के अलावा उसकी जानकारी दर्ज करने में चला जाता है। बीमारी, जांच, इलाज और दवाओं से जुड़ी जानकारी को रिकॉर्ड में लिखना जरूरी होता है। AI ऐसे काम में डॉक्टरों की मदद कर सकता है। यह डॉक्टर और मरीज की बातचीत से जरूरी जानकारी लेकर शुरुआती रिकॉर्ड तैयार कर सकता है। इसके बाद डॉक्टर उसे देख सकते हैं और उसमें जरूरी बदलाव कर सकते हैं।
काम का बोझ होगा कम
QuickBlox के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Nate MacLeitch ने कहा है कि स्वास्थ्य व्यवस्था पहले ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रही है। ऐसे में अगर डॉक्टरों का प्रशासनिक और कागजी काम कम नहीं किया गया, तो उन पर काम का दबाव और बढ़ सकता है। इस रिपोर्ट ने स्वास्थ्य व्यवस्था की एक और समस्या की ओर ध्यान दिलाया है। कई बार मरीज सही डॉक्टर या सही विभाग तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसके कारण अनावश्यक जांच, दोबारा अपॉइंटमेंट और अतिरिक्त काम बढ़ जाता है। AI का इस्तेमाल मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार सही स्वास्थ्य सेवा तक पहुंचाने में भी किया जा सकता हैं। इससे डॉक्टरों और अस्पतालों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव भी कम हो सकता हैं। केवल फिजिशियन ही नहीं, सर्जन भी इसका लाभ उठा सकेंगे। फिलहाल कई अस्पतालों में यह काम हो रहा है और एआई की सहायता से सटीक सर्जरी भी की जा रही है।
क्या है QuickBlox?
QuickBlox एक अग्रणी क्लाउड संचार प्लेटफॉर्म है जो व्यवसायों को AI-संचालित चैट, वीडियो और स्वचालन को उनके डिजिटल उत्पादों में तेजी से, सुरक्षित रूप से और बड़े पैमाने पर शामिल करने में मदद करता है। इस पेशकश का मुख्य आधार एक लचीला, डेवलपर-अनुकूल बैकएंड है जो टीमों को बिना किसी पूर्व तैयारी के स्मार्ट, रीयल-टाइम संचार ऐप बनाने में सक्षम बनाता है। स्टार्टअप से लेकर बड़े उद्यमों तक, विभिन्न उद्योगों की कंपनियां QuickBlox प्लेटफॉर्म और इसके व्हाइट-लेबल एप्लिकेशन का उपयोग डिजिटल बातचीत को सुव्यवस्थित करने, वर्कफ़्लो को स्वचालित करने और सहज उपयोगकर्ता अनुभव बनाने के लिए करती हैं। चाहे टेलीहेल्थ समाधान, कोचिंग ऐप या ग्राहक सहायता प्लेटफॉर्म लॉन्च कर रहे हों, इसके टूल बुद्धिमान, ब्रांडेड संचार अनुभव प्रदान करना संभव बनाते हैं।
