स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को,  तैयारी पूरी

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। आयुष मंत्रालय कर्नाटक के मैसूरु पैलेस में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) के मुख्य कार्यक्रम का उत्सव मनाने के लिए तैयार हैं। इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 8वें संस्करण का विषय ‘मानवता के लिए योग‘ है। आशा है कि 21 जून को मैसूरु में 15,000 से अधिक प्रतिभागी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ योग करेंगे और करोड़ों लोग भारत तथा दुनिया में आयोजित किए जा रहे विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

सारी तैयारी पूरी : सोनोवाल

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और आयुष मंत्रालय तथा कर्नाटक सरकार के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मुख्य मैसूर योग कार्यक्रम में भाग लेंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी और मुख्य कार्यक्रम के बारे में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “महामारी के दो वर्षों के बाद, अब हम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ऑफलाइन मोड में मना रहे हैं। 100 दिनों, 100 संगठनों, 100 शहरों के अभियान के माध्यम से जो उत्साह और उमंग पैदा हुआ है, वह न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में रिकॉर्ड भागीदारी की दिशा में आगे ले जाएगा।”

गार्जियन रिंग कार्यक्रम

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में भारत में 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों द्वारा ‘गार्जियन रिंग‘, योग प्रदर्शन और मैसूरु दशहरा मैदान, मैसूरु में एक विशेष डिजिटल योग तथा स्थैतिक प्रदर्शनी में कई पहल को पहली बार देखा जाएगा। गार्जियन रिंग कार्यक्रम में योग प्रदर्शन का सीधा प्रसारण तब किया जाएगा जब लोग सूर्य के उदय के साथ-साथ 16 अलग-अलग समय क्षेत्रों में योग करेंगे। यह पूर्व में फिजी से शुरू होकर पश्चिम की ओर बढ़ेगा और सैन फ्रांसिस्को में समाप्त होगा। इसका सीधा प्रसारण डीडी इंडिया पर सवेरे 3 बजे से रात 10 बजे तक (भारतीय समयानुसार) किया जाएगा।

75 जगहों पर योग प्रदर्शन

आजादी का अमृत महोत्सव के एक हिस्से के रूप में योग प्रदर्शन और समारोह पूरे भारत में 75 प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित होंगे। भारत सरकार के केंद्रीय और राज्य मंत्री 75 स्थानों पर आयोजित योग प्रदर्शन में भाग लेंगे। डिजिटल योग प्रदर्शनी योग के इतिहास और ज्ञान को प्रदर्शित करने के लिए आभासी वास्तविकता (VR) जैसी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन करेगी। स्थैतिक प्रदर्शनी में 146 स्टॉल हैं जिन्हें कर्नाटक सरकार और भारत सरकार के अंतर्गत योग संस्थानों, आयुष संस्थानों द्वारा लगाया गया है। यह आशा की जाती है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में दुनिया भर के 25 करोड़ लोग भाग लेंगे।

Related posts

CSIR’s KisanSabhaApp toConnect Farmers to Supply Chain

Ashutosh Kumar Singh

When we let go…

Ashutosh Kumar Singh

मीडिया चौपाल का आयोजन 2 दिसंबर से चंडीगढ़ में

admin

Leave a Comment