नयी दिल्ली 9स्वस्थ भारत मीडिया)। भारत में प्राकृतिक चिकित्सा (Naturopathy) धीरे-धीरे अपने पारंपरिक स्वरूप यानी प्रकृति आधारित उपचार से आगे बढ़कर वैज्ञानिक अनुसंधान, नैदानिक मूल्यांकन और निवारक स्वास्थ्य सेवा की एक अधिक व्यवस्थित प्रणाली के रूप में विकसित हो रही है। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, मोटापे, तनाव और स्वस्थ वृद्धावस्था पर बढ़ते ध्यान के बीच पोषण, प्राकृतिक उपचार पद्धतियों और जीवनशैली में सुधार पर आधारित प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व फिर से बढ़ रहा है। 9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 18 नवंबर 2026 को कर्नाटक के नागमंगला स्थित केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रखी गई है।
स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन
इस दिवस को मनाने का उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य संवर्धन, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में इसकी भूमिका को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष की थीम उचित खान-पान, शारीरिक कार्यकलापों, योग, तनाव प्रबंधन और साक्ष्य-आधारित प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से निवारक एवं स्वास्थ्य संवर्धक देखभाल पर विशेष बल देती है। इसके साथ ही, मोटापे की रोकथाम और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यक्ति और समुदाय अधिक स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपना सकें। यह आयोजन प्रधानमंत्री के फिट एवं स्वस्थ भारत के विजन के अनुरूप है। इसमें निवारक स्वास्थ्य सेवा, स्वस्थ जीवनशैली और जनकल्याण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को विशेष महत्व दिया गया है।
विश्वसनीय अनुसंधान पर फोकस
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने इस अवसर पर कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा हमें जीवनशैली, प्रकृति और समग्र स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को समझने के लिए प्रेरित करती है। हमारा जोर विश्वसनीय अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ जिम्मेदार एकीकरण के माध्यम से इसकी वैज्ञानिक आधारशिला को मजबूत करने पर है। यह दृष्टिकोण निवारक स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के साथ-साथ फिट एवं स्वस्थ भारत के विजन को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकता है।
वैज्ञानिक सत्यापन जरूरी
आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा की विश्वसनीयता और इसके व्यापक उपयोग को सुदृढ करने के लिए वैज्ञानिक सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद और अन्य संस्थानों के माध्यम से हम व्यवस्थित अनुसंधान, नैदानिक मूल्यांकन तथा सहयोग को प्रोत्साहित कर रहे हैं, ताकि प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों का उचित वैज्ञानिक तरीकों से मूल्यांकन किया जा सके और उन्हें जिम्मेदार स्वास्थ्य सेवा पद्धतियों के रूप में विकसित किया जा सके। केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान समपदस्थ- समीक्षित शोध पत्रिकाओं में विभिन्न शोध पत्र प्रकाशित किए। वहीं, आयुष मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली पांच अनुसंधान परिषदों ने सामूहिक रूप से 653 शोध पत्र प्रकाशित किए। परिषद की देशभर में 22 इकाइयां भी संचालित हैं, जो अनुसंधान, शिक्षा और लोक-संपर्क के क्षेत्र में इसकी संस्थागत उपस्थिति को दर्शाते हैं।
