स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मासिक वेबिनार श्रृंखला की शुरुआत की

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मासिक वेबिनार श्रृंखला की शुरुआत की

पहली कड़ी में एनीमिया, बाल और किशोर स्वास्थ्य पर वेबिनार

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने विश्व जनसंख्या दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत सर्वश्रेष्ठ तौर-तरीकों पर ‘मासिक वेबिनार  (Webinar) श्रृंखला’ की शुरुआत की है। साल भर चलने वाले यह पहल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक साथ लाएगी ताकि वे अपने सफल नवाचारों को प्रस्तुत कर सकें, कार्यान्वयन के अनुभवों का आदान-प्रदान कर सकें और देश भर में स्वास्थ्य सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर लागू होने वाले, साक्ष्य-आधारित तौर-तरीकों को अपनाने में तेजी ला सकें।

सामने लाएं नवाचार

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव और मिशन निदेशक (NHM) श्रीमती आराधना पटनायक ने की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नवाचार ही जिम्मेदार और मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों के केंद्र में है। उन्होंने इस वेबिनार श्रृंखला को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सामने आ रहे नए तौर-तरीकों की पहचान करने, उनके दस्तावेजीकरण और उनके प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थागत ज़रिया बताया जिससे किसी एक क्षेत्र में विकसित किए गए समाधानों का लाभ देश भर की स्वास्थ्य प्रणालियों को मिल सके। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करते हुए सुश्री पटनायक ने उनसे ऐसे नवाचारों को प्रस्तुत करने का आग्रह किया जो मौजूदा कार्यक्रमों के दायरे से आगे हों और स्थानीय स्तर पर विकसित समाधानों के ज़रिए सार्वजनिक स्वास्थ्य की नई चुनौतियों का सामना कर सकें। उन्होंने राज्य और जिला टीमों के समर्पण की सराहना की, उनके नए और रचनात्मक काम को अक्सर पहचान नहीं मिल पाती क्योंकि वे दस्तावेजीकरण और प्रसार के बजाय कार्यक्रम को लागू करने के काम में ही जुटे रहते हैं।

राज्यों ने दिखाया नया मॉडल

इस कमी को दूर करने के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC) ऐसे नवाचारों के दस्तावेजीकरण और उन्हें प्रदर्शित करने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करेगा जिससे ‘अच्छे और अनुकरणीय अभिनव तौर-तरीकों पर राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन’ के दायरे और प्रभाव का विस्तार होगा। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इस वेबिनार श्रृंखला में सक्रिय रूप से भाग लेने और निरंतर सीखने, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा नवाचार पर आधारित कार्यक्रम लागू करने का माहौल बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उद्घाटन वेबिनार “एनीमिया, बाल और किशोर स्वास्थ्य” विषय पर केंद्रित था जिसमें तीन राज्यों के ऐसे नए और असरदार तरीकों को दिखाया गया जिन्होंने स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य की चुनौतियों से निपटने में मापने लायक नतीजे दिखाए हैं। वेबिनार के दौरान झारखंड ने ‘एनीमिया मुक्त भारत T 4 App’ और अपनी ‘एकीकृत गृह-आधारित नवजात देखभाल (HBNC)-गृह-आधारित छोटे बच्चों की देखभाल (HBYC) गृह भ्रमण’ पहल को प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत ‘चिरायु दिवस’ का प्रदर्शन किया जबकि मध्य प्रदेश ने किशोरों में मोटापे की समस्या से निपटने के लिए अपनी नई पहल को पेश किया।

सैकड़ों अफसरों ने लिया भाग

स्थानीय सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों के जवाब में तैयार किए गए और खास परिस्थितियों के हिसाब से समाधानों पर आधारित ये उपाय अच्छे तौर-तरीकों के ऐसे मॉडल के तौर पर सामने आए जो उम्मीद जगाने वाले और दूसरी जगहों पर भी अपनाए जा सकने वाले हैं। मंत्रालय के तहत आने वाले कार्यक्रम प्रभागों की सक्रिय भागीदारी से हुई प्रस्तुतियों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के साथ इनका मज़बूत तालमेल भी दिखा, जिससे मौजूदा सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे के भीतर इनकी अहमियत और इन्हें बड़े पैमाने पर लागू करने की क्षमता और मज़बूत हुई। राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के 500 से अधिक अधिकारियों ने इस वेबिनार में भाग लिया, जो मिलकर सीखने और नवाचार-संचालित स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के प्रति उनकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। परस्पर सीखने और साक्ष्य-आधारित श्रेष्ठ तौर-तरीकों को अपनाने को बढ़ावा देकर, इस पहल से स्वास्थ्य प्रणालियों को और अधिक मजबूती मिलने तथा देश भर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में सुधार होने की उम्मीद है।

Related posts

आयुर्वेद में अनुसंधान को और सशक्त बनाने पर जोर

admin

हैरत : वैक्सीन पर वैक्सीन लेकिन कोई दुष्प्रभाव नहीं

admin

HEAL Foundation Organises 1st COVID-19 Fighters Live eHEALTH Summit

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment