स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

दिल्ली—NCR में कोरोना के मरीज बढ़े, अस्पतालों को अलर्ट

दिल्ली-NCR में कोरोना के मरीज बढ़े

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। कोरोना की नई लहर से दिल्ली—NCR के लोग भी चिंतित हो रहे हैं क्योंकि यहां अब तक 23 लोग कोरोना से पीड़ित मिल चुके हैं। इस हालत को देखते हुए दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने अस्पतालों को उपचार संबंधी सभी सामग्री तैयार रखने की एडवाइजरी जारी कर दी है।

कोरोना : गाजियाबाद में चार मिले

ताजा खबरों के मुताबिक NCR के गाजियाबाद में कोरोना के चार मरीज मिले हैं। इसमें से एक मरीज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी तीन मरीजों का होम आइसोलेशन में ही इलाज किया जा रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि कौशांबी निवासी एक दंपती हाल में बैंगलूरू घूमने गया था। सर्दी-खांसी होने के बाद जांच कराने पर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मरीजों में से एक 18 वर्षीय युवती, 71 वर्षीय बुजुर्ग पुरुष, 64 वर्षीय महिला और एक 37 वर्षीय महिला शामिल है।

कोरोना : गुरुग्राम में अब तक तीन

इसी तरह साइबर सिटी गुरुग्राम में कोरोना के एक और नए मरीज की पुष्टि हुई है। पीड़ित व्यक्ति की आयु 45 वर्ष बताई जा रही है। वह वैक्सीन की सभी डोज ले चुका हैं। अब यहां कोरोना के तीन मरीज हो गए हैं। पहले दो लोगों में पुष्टि हुई थी जिनको होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक महिला पीड़ित मुंबई से वापस लौटने पर बीमार हो गई। दूसरे संक्रमित का कोई यात्रा विवरण नहीं मिला है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अलका सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों के संपर्कों की जांच की जा रही है।

कोरोना : फरीदाबाद में दो संक्रमित

उधर फरीदाबाद में एक और कोरोना से संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। इससे पहले बीते दिन कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया था। जबकि बीके अस्पताल में कोविड जांच की सुविधा ही फिलहाल उपलब्ध नहीं है। जबकि ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ये सुविधा उपलब्ध है। ईएसआईसी प्रबंधन का दावा है कि सरकार के आदेश आने पर तुरंत प्रभाव से वहां आइसोलेशन वार्ड भी शुरू कर दिया जाएगा। बीके अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने कोविड जांच के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने के लिए आला अधिकारियों को पत्र लिख दिया है।

कोरोना : तैयारी रखें अस्पताल

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे बेड, आॅक्सीजन, दवा, वैक्सीन आदि तैयार रखें। इसके साथ ही अस्पतालों को कहा गया है कि जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए सभी सैंपल लोकनायक अस्पताल भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी को बुखार, सर्दी, जुकाम व खांसी जैसे लक्षण दिखाई दें तो चिकित्सक से संपर्क करके जांच कराएं। भीड़भाड़ से बचें, हाथों की सफाई और जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें, नाक, आंख और मुंह को बार-बार न छुएं, बुखार या कमजोरी महसूस हो रही है तो यात्रा न करें।

Related posts

Face transplant: भारत में पहली बार एम्स में तैयारी

admin

कोकीन की लत छुड़ा देगी ब्राजील में बन रही वैक्सीन

admin

The government would soon set up a separate Central Drug Controller for traditional medicines!

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment