नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। सर्वाइकल कैंसर रोकथाम की दिशा में तमिलनाडु देश का पहला राज्य बन गया है, जो 1 से 14 साल की लड़कियों को मुफ्त HPV वैक्सीन देगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमणियन ने बताया है कि सरकार ने इस कार्यक्रम के लिए 38 करोड़ का बजट तय किया है। यह वैक्सीन सभी सरकारी अस्पतालों और स्कूलों के माध्यम से दी जाएगी। मालूम हो कि भारत में हर साल लगभग 1.25 लाख नई महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित होती हैं, जिनमें से करीब 70 हजार महिलाओं की मौत हो जाती है। यह कैंसर दुनिया भर में महिलाओं में चौथा सबसे आम कैंसर है।
Cervical Cancer के वायरस
एक्सपर्ट के मुताबकि इसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) है, जो यौन संपर्क से फैलता है। WHO का कहना है कि अगर वैक्सीन 9 से 14 साल की उम्र में दे दी जाए, तो यह वायरस के संक्रमण से लगभग 90 प्रतिशत तक सुरक्षा देती है। इसलिए तमिलनाडु सरकार ने इसे बचपन में ही लागू करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमणियन ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि तमिलनाडु की कोई भी लड़की भविष्य में इस बीमारी से न गुजरे। वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में यह अभियान स्कूलों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से शुरू होगा। आने वाले महीनों में इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
Cervical Cancer: देश के लिए उदाहरण
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत में अब तक कुछ राज्यों में यह वैक्सीन सीमित रूप से दी जा रही थी, लेकिन तमिलनाडु ने इसे राज्यव्यापी मुफ्त कार्यक्रम बनाकर बाकी राज्यों के लिए उदाहरण पेश किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय भी अगले साल से इसे राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने पर विचार कर रहा है। यह वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के खिलाफ सुरक्षा देती है, जो सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है। इसे 9–14 साल की उम्र में देना सबसे प्रभावी माना जाता है। वैक्सीन लेने के बाद भी समय-समय पर पैप स्मीयर टेस्ट या सर्वाइकल स्क्रीनिंग जरूरी होती है।
Cervical Cancer क्या है
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में होने वाला एक घातक (malignant) ट्यूमर है। सर्विक्स वह हिस्सा होता है जो गर्भाशय (uterus) को योनि (vagina) से जोड़ता है। जब सर्विक्स की कोशिकाएँ असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं और उनका नियंत्रण खो जाता है, तब यह कैंसर बन जाता है। सर्वाइकल कैंसर के बारे में सही जानकारी का अभाव है। किशोरियों और महिलाओं को इसके बारे में सही और तथ्यत्मक जानकारी मिलनी चाहिए और अगर सही समय पर किशोरियों को इसका वैक्सीन लगाया जाय और महिलाओं में समय समय पर कैंसर की स्क्रीनिंग कराई जाय और pap smear test करवाकर इससे बचाव किया जा सकता है।
Cervical Cancer के मुख्य कारण
सर्वाइकल कैंसर का सबसे बड़ा कारण है HPV वायरस (Human Papillomavirus) संक्रमण। लेकिन इसके अलावा भी कई ख़तरनाक कारक है। 95 फीसद मामलों में HPV infection मुख्य कारण होता है। यह यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है।
- कम उम्र में यौन संबंध की शुरुआत
- अनेक यौन साथी
- लंबे समय तक गर्भनिरोधक गोलियों का उपयोग
- कमज़ोर इम्यून सिस्टम
- धूम्रपान
- कई बार गर्भधारण
- स्वच्छता की कमी और पोषण की कमी
Cervical Cancer के लक्षण
शुरुआती अवस्था में सर्वाइकल कैंसर के कोई खास लक्षण नहीं होते, इसलिए इसे “silent killer” भी कहा जाता है लेकिन आगे चलकर ये लक्षण दिख सकते हैं:
- योनि से असामान्य रक्तस्राव
- पीरियड्स के बीच में या संभोग के बाद खून आना।
- मेनोपॉज़ के बाद रक्तस्राव।
- असामान्य स्राव
- सफेद या बदबूदार डिस्चार्ज जो सामान्य नहीं लगता।
- Pelvic या पीठ के निचले हिस्से में दर्द
- संभोग के दौरान दर्द
- कमज़ोरी, थकान, वजन घटना
- टांगों या पैरों में सूजन
Cervical Cancer की जांच
- Pap Smear Test सबसे सामान्य और आसान टेस्ट है। सर्विक्स से कोशिकाएँ लेकर माइक्रोस्कोप से जांच की जाती है। 21 वर्ष से 65 वर्ष तक हर 3 साल में यह टेस्ट कराना चाहिए।
- HPV DNA Test: इससे पता चलता है कि शरीर में कैंसर पैदा करने वाला HPV वायरस है या नहीं।
- Colposcopy: डॉक्टर सर्विक्स को विशेष लेंस से देखकर असामान्य कोशिकाओं की पहचान करते हैं।
- बायोप्सी: अगर कुछ संदिग्ध दिखे तो टिश्यू का छोटा नमूना लेकर लैब में जांच की जाती है।
Cervical Cancer की रोकथाम
सर्वाइकल कैंसर को समय पर अगर पता कर लिया जाय तो इसे रोका जा सकता है और किशोरियों में तो सर्वाइकल कैंसर का वैक्सीन लगाकर भी उन्हें पहले से ही इस बीमारी के होने से बचाया जा सकता है। HPV Vaccine 9–14 वर्ष की उम्र की लड़कियों के लिए सबसे असरदार है। वयस्क महिलाएँ (26 वर्ष तक) भी इसे ले सकती हैं। भारत में Cervavac नाम से HPV वैक्सीन उपलब्ध है। इसके अलावा
- नियमित Pap Smear जांच
- सुरक्षित यौन संबंध
- कंडोम का प्रयोग करें और एक ही पार्टनर रखें।
- धूम्रपान और शराब से परहेज़
- स्वच्छता और पौष्टिक भोजन
- विटामिन A, C, E और फोलेट से भरपूर आहार लें।
(अमृता सिंह के इनपुट के साथ)
#Cervical Cancer Vaccine
