स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

Amrit pharmacy का देशभर में होगा विस्तार: नड्डा

Amrit pharmacy का देशभर में होगा विस्तार: नड्डा

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने दिल्ली के भारत मंडपम में अमृत (उपचार के लिए किफायती दवाएं और विश्वसनीय प्रत्यारोपण) फार्मेसी के 10वें वर्षगांठ समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने इस मौके पर घोषणा की कि इसका देशभर में विस्तार किया जाएगा। मालूम हो कि 2015 में अपनी स्थापना के बाद से अमृत फार्मेसियों ने 50 से 90 फीसद तक की छूट पर जीवन रक्षक और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है जिससे रोगियों, विशेष रूप से निम्न आय वर्ग के लोगों की उपचार लागत में काफी कमी आई है।

Amrit Pharmacy: अभी 255 ऐसी फार्मेसी

श्री नड्डा ने अमृत योजना के कार्यान्वयन में निरंतर और उच्च-गुणवत्तापूर्ण प्रयासों के लिए एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सबके लिए स्वास्थ्य सेवा को सुलभ, किफायती और न्यायसंगत बनाने का संकल्प लिया था। इसी दृष्टिकोण के साथ जन औषधि और अमृत योजना की परिकल्पना की गई थी। दोनों योजनाओं को किफायती दरों पर दवाइयाँ और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया था। उन्होंने कहा कि अमृत एक मज़बूत राष्ट्रीय नेटवर्क के रूप में विकसित हो चुका है जिसमें वर्तमान में 255 से ज़्यादा फ़ार्मेसीज़ चल रही हैं। इस नेटवर्क का देश भर में 500 दुकानों तक विस्तार करने का लक्ष्य है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि जहाँ आज देश के हर एम्स में एक अमृत फ़ार्मेसी है, वहीं अगली चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि भारत का हर चिकित्‍सा महाविद्यालय और हर ज़िला अस्पताल अमृत फ़ार्मेसी हो ताकि स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के हर स्तर पर नागरिकों को किफ़ायती दवाइयाँ मिले।

Amrit Pharmacy: ब्रांडेड दवा पर 10 फीसद छूट

अमृत ​​फार्मेसी की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि ब्रांडेड दवाओं पर 50 फीसद की छूट देना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है जिससे 6.85 करोड़ से अधिक रोगी लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने दोहराया कि अब तक रोगियों को लगभग 8,500 करोड़ रुपये की बचत हुई है। उन्होंने इसके बारे में जन जागरूकता बढ़ाने के महत्व पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि ज़्यादा से ज़्यादा नागरिकों को अमृत दुकानों के लाभों और उपलब्धता के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए ताकि वे इन किफायती सेवाओं का लाभ उठा सकें। स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि अमृत पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण दवाओं तक सस्ती, सुलभ और समान पहुंच सुनिश्चित करना है। एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड और अमृत फार्मेसी नेटवर्क की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि एचएलएल परिवार और अमृत फार्मेसी नेटवर्क ने आश्वासन दिया है कि वे नेटवर्क का विस्तार करना, प्रणालियों में सुधार करना और जोश, जुनून और जज्बात के साथ परिचालन को और मजबूत करना जारी रखेंगे।

Amrit Pharmacy: 10 नए आउटलेट का उद्घाटन

इस कार्यक्रम के दौरान श्री नड्डा ने पूरे भारत में 10 नए अमृत आउटलेट्स का उद्घाटन भी किया। यह देश भर के रोगियों के लिए आवश्यक दवाओं और चिकित्सा आपूर्ति तक किफायती पहुँच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अमृत आईटी-इको ग्रीन वर्जन 2.0 का भी शुभारंभ किया। यह एक उन्नत और अनु‍कूल डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है जो अमृत नेटवर्क में संचालन को सुव्यवस्थित करेगा, पारदर्शिता बढ़ाएगा और दक्षता में सुधार करेगा। इस कार्यक्रम में भारतीय डाक के सहयोग से कस्टमाइज़्ड माई स्टैम्प का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान, अमृत की दशक की उपलब्धियों, सफलता की कहानियों और स्वास्थ्य सेवा की सुलभता पर इसके प्रभाव को दर्शाती एक कॉफ़ी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। इसके अतिरिक्त, एनसीआर क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँच के लिए एक मोबाइल फ़ार्मेसी वैन को हरी झंडी दिखाई गई। इससे वंचित और दूरदराज क्षेत्र के लोगों तक किफ़ायती दवाइयाँ घर-घर पहुँचाई जा सकेंगी। इसके अलावा, नागरिक संपर्क को मज़बूत करने के लिए, दवाओं की उपलब्धता, कीमतों और निकटतम अमृत फ़ार्मेसी स्थानों के बारे में रीयल-टाइम सहायता प्रदान करने के लिए एक 24×7 राष्ट्रीय संपर्क केंद्र का उद्घाटन किया गया।

Related posts

40 से 50 डिग्री के बीच अगली गर्म लहर के लिए रहें तैयार

admin

कोरोना बुलेटिन : 2902 लोग संक्रमित, 68 लोगों की हुई मौत

Ashutosh Kumar Singh

कोविड-19 से किसानों के हितो की रक्षा करेगी दिल्ली सरकार

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment