स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

Cervical cancer को समाप्त करने के लिए भारत प्रतिबद्ध: नड्डा

सर्वाइकल कैंसर को समाप्त करने के लिए भारत प्रतिबद्ध: नड्डा

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने WHO के मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सर्वाइकल कैंसर (Cervical cancer) को सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में समाप्त करने और गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों पर वैश्विक सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि महिलाओं का स्वास्थ्य और गरिमा भारत के लिए एक मुख्य राष्ट्रीय प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी रोकथाम योग्य बीमारियों से बचाने के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। भारत की व्यापक रणनीति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि सर्वाइकल कैंसर वैश्विक स्तर पर और भारत में एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। इसलिए भारत सरकार ने बचाव, स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान और समय पर उपचार पर केंद्रित एक बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाया है।

Cervical cancer: लगातार स्क्रीनिंग

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत की रणनीति का एक मुख्य आधार गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के राष्ट्रीय कार्यक्रम (एनपी-एनसीडी) के तहत जनसंख्या-आधारित स्क्रीनिंग कार्यक्रमों का विस्तार रहा है, जिसे व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के हिस्से के रूप में लागू किया गया है। विजुअल इंस्पेक्शन विद एसिटिक एसिड (वीआईए) का उपयोग करके सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग अब देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 30 से 65 वर्ष की आयु की महिलाओं के लिए उपलब्ध है। श्री नड्डा ने सूचित किया कि इस कार्यक्रम के तहत अब तक 8.6 करोड़ से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जो शीघ्र पहचान और रोकथाम के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Cervical cancer: 3 माह का अभियान

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ भारत की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि, ह्यूमन पेपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान के देशव्यापी शुभारंभ की भी घोषणा की। उन्होंने सूचित किया कि 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किशोरियों के स्वास्थ्य और कल्याण की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में 14 वर्ष की आयु की 1.2 करोड़ लड़कियों को लक्षित करते हुए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्घाटन किया। श्री नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” के दृष्टिकोण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो महिला स्वास्थ्य सेवा के मूल में रोकथाम, सुरक्षा और समानता सुनिश्चित करती है। यह अभियान 90 दिनों की अवधि में लागू किया जा रहा है और विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा भारत के टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (NTAGI) की सिफारिशों के अनुसार गार्डासिल क्वाड्रिवेलेंट वैक्सीन का उपयोग करते हुए एकल-खुराक अनुसूची का पालन करता है। यह टीका निर्दिष्ट सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

Cervical cancer: अभियान स्वैच्छिक

इस पहल की समुदाय-केंद्रित प्रकृति पर जोर देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि HPV टीकाकरण कार्यक्रम स्वैच्छिक है और माता-पिता की सहमति इस अभियान का आधार है, जो सामुदायिक मूल्यों और पारिवारिक स्वायत्तता के प्रति सम्मान को दर्शाता है। मंत्री ने अभियान में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने में डिजिटल प्रौद्योगिकियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। प्रत्येक टीकाकरण कार्यक्रम को यू-विन डिजिटल टीकाकरण प्लेटफॉर्म के माध्यम से रिकॉर्ड किया जाता है, जिससे वास्तविक समय में निगरानी और जवाबदेही संभव होती है, जबकि वैक्सीन स्टॉक और कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक्स को इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क (ई-वीआईएन) प्रणाली के माध्यम से ट्रैक किया जाता है। श्री नड्डा ने भारत के अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की, जो समुदायों तक पहुँचने, विश्वास बनाने और अभियान के सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने में सहायक रहे हैं।

Cervical cancer: वैश्विक सहयोग जरूरी

भारत की वैश्विक प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन में तेजी लाने के लिए डब्ल्यूएचओ की वैश्विक रणनीति का पूरी तरह से समर्थन करता है, जिसमें 2030 के लिए ’90-70-90′ के लक्ष्य भी शामिल हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्मूलन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए किशोरियों का टीकाकरण, वयस्क महिलाओं की जनसंख्या-आधारित स्क्रीनिंग और गुणवत्तापूर्ण उपचार तक समय पर पहुँच को एकीकृत करने वाला एक व्यापक दृष्टिकोण आवश्यक है। अंत में उन्होंने सर्वाइकल कैंसर को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में समाप्त करने के लिए मजबूत वैश्विक सहयोग का आह्वान किया।

Cervical cancer: WHO ने भारत को सराहा

प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए WHO के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनोम घेब्रेयसस ने मोटापे, एचआईवी/एड्स और सर्वाइकल कैंसर सहित कई गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों पर प्रकाश डाला, साथ ही इन सार्वजनिक स्वास्थ्य मुद्दों के समाधान में निरंतर वैश्विक सहयोग और वैज्ञानिक नवाचार के महत्व पर जोर दिया। एचआईवी/एड्स के खिलाफ वैश्विक लड़ाई के बारे में बात करते हुए, डॉ. टेड्रोस ने कहा कि बीमारी के वैश्विक बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सर्वाइकल कैंसर की चर्चा करते हुए डॉ. टेड्रोस ने इस बात पर प्रकाश डाला कि हाल ही में मनाया गया ‘अंतरराष्ट्रीय एचपीवी जागरूकता दिवस’, सर्वाइकल कैंसर को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में समाप्त करने की वैश्विक प्रतिबद्धता की याद दिलाने वाले एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में कार्य करता है। डॉ. टेड्रोस ने बड़े पैमाने पर सार्वजनिक स्वास्थ्य पहलों के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर से निपटने की प्रतिबद्धता के लिए भारतीय नेतृत्व को बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की सराहना करते हुए इसे दुनिया का सबसे बड़ा मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान बताया।

Related posts

The thermometer में बोलीं एम्स की डॉक्टर उमा कुमार, गठिया कई रोगों का लक्षण

admin

आयुर्वेद से किशोरियों में एनीमिया नियंत्रण के लिए हुआ समझौता

admin

आयुष मंत्रालय – क्या खाएं क्या न खाएं जाने इस रिपोर्ट में

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment