नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। दो दिवसीय राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) के दौरान राज्यों के साथ मिलकर भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र सुधारों के अगले चरण के लिए रोडमैप तैयार किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) पर समीक्षा बैठक का आयोजन किया था। पहले दिन हुई चर्चाओं के आधार पर, दूसरे दिन वित्तीय स्थिरता, सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने, स्वास्थ्य विश्लेषण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा तंत्र में डिजिटल परिवर्तन को गति देने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्रालय, NHA, राज्य स्वास्थ्य एजेंसियों, विकास भागीदारों और अन्य हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारी एक साथ आए और एबी पीएम-जेएवाई और एबीडीएम की प्रगति की समीक्षा की।
बेहतर काम को पुरस्कार
समीक्षा बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत प्रमुख कार्यान्वयन संकेतकों में 15 पुरस्कारों के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन को भी मान्यता दी गई। एबी पीएम-जेएवाई के अंर्तगत दो प्रदर्शन श्रेणियों में छह पुरस्कार प्रदान किए गए। आंध्र प्रदेश, सिक्किम और लक्षद्वीप को क्रमशः बड़े राज्य, छोटे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश श्रेणियों में प्रति लाख जनसंख्या पर वीवीएस कार्डों की उच्चतम संख्या प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। मध्य प्रदेश, मेघालय और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह को अपनी-अपनी श्रेणियों में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के साथ पूर्व-प्राधिकरणों की उच्चतम संख्या दर्ज करने के लिए सम्मानित किया गया। एबीडीएम के अंतर्गत चार श्रेणियों में नौ पुरस्कार प्रदान किए गए। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, लद्दाख और लक्षद्वीप को एबीडीएम रजिस्ट्री (HPR और HFR) संतृप्ति प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। जम्मू और कश्मीर और लद्दाख को क्रमशः मध्यम राज्य/केंद्र शासित प्रदेश और लघु राज्य/केंद्र शासित प्रदेश श्रेणियों में प्रति लाख जनसंख्या पर उच्चतम स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंकिंग प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश को एबीडीएम के अंतर्गत एबीएचए निर्माण और स्कैन एंड पे सेवाओं को अपनाने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
डिजिटल सेवा प्रमुख स्तंभ
समापन सत्र को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने कहा कि एबी पीएम-जेएवाई और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत के स्वास्थ्य सेवा तंत्र के अभिन्न स्तंभ के रूप में उभरे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे ये डिजिटल सार्वजनिक स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म परिपक्व होते जा रहे हैं, अब इनका व्यापक रूप से उपयोग और स्वास्थ्य प्रणाली में प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और अनुप्रयोगों का अधिकतम उपयोग करने का आग्रह करते हुए उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि इन पहलों का वास्तविक महत्व इन्हें नागरिकों, स्वास्थ्य पेशेवरों और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए समान रूप से उपयोगी बनाने में निहित है। उन्होंने डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए डेटा गोपनीयता, साइबर सुरक्षा और स्वास्थ्य डेटा के जिम्मेदार उपयोग को सुनिश्चित करने के महत्व पर भी जोर दिया।
राज्यों ने भी दी सलाह
एबी पीएम-जेएवाई और एबीडीएम के अंर्तगत वित्तीय प्रबंधन पर हुई चर्चाओं में निधि के उपयोग को सुदृढ़ करने, वित्तीय नियोजन में सुधार करने और राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अनुदानों की समयबद्ध निकासी एवं उपयोग सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रतिभागियों ने अनुदान सहायता संबंधी संशोधित दिशानिर्देशों, निधि प्रबंधन प्रथाओं और दोनों प्रमुख योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए वित्तीय जवाबदेही बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। विचार-विमर्श में एबी पीएम-जेएवाई के तहत स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने और वित्तीय स्थिरता में सुधार लाने के लिए राज्य के नेतृत्व वाली पहलों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। केरल ने एबी पीएम-जेएवाई के साथ राज्य स्वास्थ्य सुरक्षा कार्यक्रमों के अभिसरण के लिए अपने एकीकृत दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया, जिसमें स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच बढ़ाने और वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने में योजना अभिसरण की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। तमिलनाडु ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना (CMCHIS) के अंर्तगत दावा राजस्व के उपयोग और एबी पीएम-जेएवाई के साथ इसके एकीकरण के अपने अनुभव को प्रस्तुत किया, जिसमें यह दर्शाया गया कि दावा राजस्व के व्यवस्थित पुनर्निवेश ने बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरण, मानव संसाधन और डिजिटल प्रणालियों में निवेश के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को कैसे मजबूत किया है।
बकाया भुगतान पर भी चर्चा
बैठक में अस्पतालों के बकाया भुगतानों के अभिनव वित्तपोषण पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिसमें इस बात पर प्रकाश डाला गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य दावा विनिमय किस प्रकार स्वीकृत एबी पीएम-जेएवाई दावों के निपटान को सरल बना सकता है, जिससे सूचीबद्ध अस्पतालों को राज्य स्वास्थ्य एजेंसियों से प्रतिपूर्ति की प्रतीक्षा किए बिना कार्यशील पूंजी तक तुरंत पहुंच प्राप्त हो सकेगी। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने, भुगतान संबंधी अनिश्चितता को कम करने और वित्तीय दक्षता को मजबूत करने में अंतरसंचालनीय डिजिटल अवसंरचना की भूमिका पर चर्चा की। चिकित्सा शिक्षा में डिजिटल स्वास्थ्य के बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डालते हुए, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के सचिव डॉ. राघव लैंगर ने चिकित्सा महाविद्यालयों में एबीडीएम (ऑटोमेटेड हेल्थ मैनेजमेंट) को सक्षम बनाने की दिशा में आयोग के चल रहे प्रयासों को साझा किया। उन्होंने एबीडीएम मानकों के साथ अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली के एकीकरण, एबीएचए से जुड़े नैदानिक अभिलेखों को व्यापक रूप से अपनाने और डिजिटल स्वास्थ्य संकेतकों और नैदानिक कार्यभार डेटा के माध्यम से चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रौद्योगिकी-आधारित और वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन को सुगम बनाने के लिए एनएमसी डैशबोर्ड के विकास पर जोर दिया।
नए संसाधनों की पहचान हुई
NHA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बरनवाल ने कहा कि राष्ट्रीय समीक्षा बैठक विचारों और सूचनाओं के दोतरफा आदान-प्रदान का मंच बन गई है, जिससे राज्यों और केंद्र को एक-दूसरे से सीखने और सामूहिक रूप से एबी पीएम-जेएवाई और एबीडीएम के कार्यान्वयन को मजबूत करने में मदद मिली है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि दो दिनों की चर्चाओं से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रगति की समीक्षा करने, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने और कार्यान्वयन संबंधी चुनौतियों के लिए नवीन समाधानों की पहचान करने में सहायता मिली है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि डिजिटल स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियों, स्वास्थ्य विश्लेषण और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने का अधिक उपयोग कार्यक्रम कार्यान्वयन और सेवा वितरण में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आगे विश्वास व्यक्त किया कि विचार-विमर्श से एबी पीएम-जेएवाई और एबीडीएम के अगले चरण के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार होगा, साथ ही सहकारी संघवाद को सुदृढ़ करते हुए देश के डिजिटल स्वास्थ्य परिवर्तन को गति मिलेगी।
