स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

AMR के प्रति जागरूकता के लिए राष्ट्रीय अभियान आयोजित

AMR के प्रति जागरूकता के लिए राष्ट्रीय अभियान आयोजित

CCRH ने AMR पर समर्पित वेबपेज शुरू किया

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (CCRH) ने राजधानी में रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) पर राष्ट्रीय अभियान का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना, जन-जागरूकता को मजबूत करना तथा वैज्ञानिक अनुसंधान और समन्वित प्रयासों के महत्व को रेखांकित करना है। इस अभियान का आयोजन ‘एक स्वास्थ्य, एक प्रयास : AMR की रोकथाम अभी करें’ विषय के अंतर्गत किया गया। इसका ध्येय वाक्य था- ‘मिलकर कदम बढ़ाएं, एएमआर से लड़ें और भविष्य सुरक्षित बनाएं।’

एंटीबायोटिक का उपयोग सावधानी से

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सभा को संबोधित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि एंटीबायोटिक दवाओं का बिना सोचे-समझे उपयोग नहीं किया जाना चाहिए और हर बीमारी में इनकी आवश्यकता नहीं होती है। उन्होंने कहा कि सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे वायरल संक्रमणों पर एंटीबायोटिक दवाएं प्रभावी नहीं होती हैं। स्वयं दवा लेना, पहले से बची हुई दवाओं का उपयोग करना और चिकित्सकीय परामर्श के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन करना हालांकि रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) की बढ़ती चुनौती में योगदान देता है। उन्होंने कहा कि दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जन-जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एएमआर की चुनौती से निपटने के लिए चार प्रमुख प्राथमिकताओं पर बात करते हुए कहा कि चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ही एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए और निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स करना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, हाथों की स्वच्छता, साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा और टीकाकरण के माध्यम से संक्रमण की रोकथाम को मजबूत करने; अनुसंधान, प्रयोगशाला संबंधी बुनियादी ढांचे और निगरानी प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने तथा चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य पेशेवरों के प्रशिक्षण में एएमआर एवं दवाओं के तर्कसंगत उपयोग को शामिल करने का आह्वान किया।

CCRH के पहल की सराहना

आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री अलारमेलमंगई डी. ने कहा कि आयुष मंत्रालय अपने अनुसंधान संस्थानों, नैदानिक नेटवर्क और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता रखता है। उन्होंने सीसीआरएच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि परिषद ने एएमआर जागरूकता गतिविधियों को केवल वार्षिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय एक सतत, सुव्यवस्थित और व्यापक राष्ट्रीय अभियान के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम उठाए हैं। CCRH के महानिदेशक डॉ. सुभाष कौशिक ने एएमआर के संबंध में परिषद की पहलों और अनुसंधान संबंधी दृष्टिकोण की जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक समझ को मजबूत करने और विभिन्न हितधारकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए अनुसंधान, जागरूकता सृजन, क्षमता निर्माण और संस्थागत सहयोग के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

वेबपेज का शुभारंभ भी

इस अवसर पर आयुष मंत्रालय की सलाहकार (होम्योपैथी) डॉ. प्रीथा किझाक्कुट्टिल, राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (एनसीएच) के अध्यक्ष डॉ. तारकेश्वर जैन और सीसीआरएच के उप महानिदेशक डॉ. केसी मुरलीधरन भी उपस्थित थे। इनके साथ आयुष मंत्रालय, एनसीएच और सीसीआरएच के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) पर सीसीआरएच के समर्पित वेबपेज का शुभारंभ और एएमआर जागरूकता पर द्विभाषी पुस्तिका का विमोचन रहा। इन पहलों का उद्देश्य विश्वसनीय जानकारी तक लोगों की पहुंच आसान बनाना, जन-सामान्य की समझ बढ़ाना और रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान एएमआर से संबंधित शपथ भी दिलाई गई। इसके माध्यम से रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार उपयोग तथा रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम और नियंत्रण के प्रयासों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई गई।

AMR एक गंभीर चुनौती

रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) की स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब बैक्टीरिया, वायरस, कवक और परजीवी सहित सूक्ष्मजीव उन दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं, जिनका उपयोग उनसे होने वाले संक्रमणों के उपचार के लिए किया जाता है। इसके कारण संक्रमणों का इलाज करना लगातार कठिन होता जाता है। एएमआर जनस्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती है। इससे निपटने के लिए ‘वन हेल्थ’ (एक स्वास्थ्य) दृष्टिकोण के तहत मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य, कृषि और पर्यावरण क्षेत्रों में समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। यह अभियान एएमआर की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए अनुसंधान को मजबूत बनाने, जन-जागरूकता का विस्तार करने और विभिन्न हितधारकों के समन्वित सहयोग के माध्यम से रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के प्रति आयुष मंत्रालय और सीसीआरएच की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

Related posts

भारत की तीन दवा कंपनियों को FDA की नोटिस

admin

पूर्वोत्तर का पहला नेचुरोपैथी संस्थान डिब्रूगढ़ में बनेगा

admin

Ayurved में एलर्जिक राइनाइटिस का प्रभावी उपचार संभव

admin

Leave a Comment