स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

योग दिवस की तैयारी के लिए सभी मंत्रालय एकजुट

योग दिवस की तैयारी के लिए सभी मंत्रालय एकजुट

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) की तैयारियों पर चर्चा और रणनीति बनाने के लिए यहां अंतर-मंत्रालयी समिति (आईएमसी) की बैठक हुई। बैठक में प्रमुख मंत्रालयों, आयुष संस्थानों और हितधारक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित हुए, ताकि लोककल्याण के इस वैश्विक उत्सव के लिए व्यापक भागीदारी और प्रभावशाली पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

तैयारी : सब तक पहुंचे योग

इस मौके पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने प्रत्येक नागरिक तक योग पहुंचाने दृष्टिकोण को साकार करने में एक संपूर्ण सरकारी दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक उत्सव नहीं है-यह एक आंदोलन है जो मंत्रालयों, संस्थानों और नागरिकों को समग्र स्वास्थ्य के लिए साझा प्रतिबद्धता में एकजुट करता है।” श्री जाधव ने भारत और विदेशों में आयोजित 250 से अधिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्पन्न गति पर प्रकाश डाला और तैयारियों के अंतिम चरण में तीव्र प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने साझा किया कि 13 मार्च से, दैनिक काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला में से 76 कार्यक्रमों का अब तक आयोजन किया गया है। उन्होंने तैयारियों के अंतिम चरण के लिए दिए गए अहम मार्गदर्शन पर ध्यान दिलाया। श्री जाधव ने समान योग प्रोटोकॉल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए योग गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी विभागों से योग संगम में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

तैयारी : PM रहेंगे विशाखापत्तनम में

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सबसे बड़े वैश्विक आंदोलनों में से एक बन गया है, जिसमें अकेले देश भर में लगभग 24 करोड़ लोग भागीदारी करेंगे। उन्होंने आगे घोषणा की कि मंत्रालय ने इस वर्ष प्रमुख कार्यक्रम योग संगम के अंतर्गत और भी बड़ी भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें 21 जून 2025 को एक साथ एक लाख से अधिक योग कार्यक्रमों को आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सिर्फ एक दिन के आयोजन के स्थान पर वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन के एक अनिवार्य भाग के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने योग दिवस 2025 की विषय वस्तु-“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” के साथ जुड़े प्रमुख क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले 10 विचार विमर्श के बाद तैयार किए गए प्रमुख कार्यक्रमों के संबंध में भी बात की, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन की विषय वस्तु “एक विश्व, एक स्वास्थ्य” के साथ मेल खाता है।

तैयारी : राष्ट्रीय आंदोलन बना योग

इसके बाद ओएसडी-आईडीवाई समन्वय द्वारा एक व्यापक प्रस्तुति दी गई, जिसमें आवश्यक तैयारियों और सहयोग का विवरण दिया गया। ओएसडी ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त राष्ट्र आम सभा में एक प्रस्ताव के बाद वर्ष 2015 में शुरू हुआ आईडीवाई सरकार से एक संपूर्ण राष्ट्र आंदोलन में परिवर्तित हो गया है। उन्होंने बताया कि आईडीवाई 2025 के नेतृत्व में 250 से अधिक कार्यक्रमों का पहले ही आयोजन किया जा चुका है। इसमें माईगव पर ‘योग अनप्लग्ड’ श्रृंखला के तहत ऑनलाइन पहल सम्मिलित हैं। ओएसडी ने यह भी बताया कि विशाखापत्तनम में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में 5 लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है, और पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय देश भर में 150 प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों पर आईडीवाई कार्यक्रमों की मेजबानी करेंगे।

तैयारी : योग शाश्वत उपहार

आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री मोनालिसा दाश ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन ना होकर विश्व को भारत के शाश्वत उपहार का उत्सव है। इस वर्ष इसका 11वां संस्करण मनाया जा रहा है, हमारा ध्यान गहन जुड़ाव, व्यापक पहुंच और स्थायी प्रभाव पर है। समग्र सरकार के दृष्टिकोण के माध्यम से, हम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 को वास्तव में समावेशी और परिवर्तनकारी बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं।” बैठक का समापन सामूहिक कार्रवाई और साझा उत्तरदायिता के आह्वान के साथ हुआ, जिससे 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को अभूतपूर्व पैमाने पर मनाने को सुनिश्चित किया जा सके।

Related posts

पुराने डॉक्टरों को भी पछाड़ रहा चीन का AI डॉक्टर

admin

जयपुर की दो बालिकाएं बनीं स्वस्थ बालिका स्वस्थ समाज की गुडविल अम्बेसडर

Ashutosh Kumar Singh

Good news : आंखों की बीमारी ट्रेकोमा से भारत ने जीती जंग

admin

Leave a Comment