नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने स्वास्थ्य भवन में सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, मानव संसाधन, दवा-जांच सुविधाओं और मौसमी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की।
10 किलोमीटर पर स्वास्थ्य सुविधा
बैठक में तय हुआ कि प्रत्येक 10 किलोमीटर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग से 600 नए सब-सेन्टर स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में 50 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। स्थानीय जरूरत के अनुसार मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। ट्रोमा सेंटर, प्रसव सुविधा वाले स्वास्थ्य केन्द्रों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों तथा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता पर बैठक में विशेष जोर दिया गया है। सभी चिकित्सा संस्थानों में तीन माह में CCTV कैमरे लगाने एवं उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवा, जांच एवं बचाव व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध मानव संसाधन, उपकरण एवं दवाइयों का जरूरत के अनुसार बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की वन-टू-वन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
