स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

TB उन्मूलन प्रयासों को गति देगी जोश टीमें : नड्डा

टीबी उन्मूलन प्रयासों को गति देगी जोश टीमें

पहले चरण में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 55 जिलों में जोश टीमें शुरू की गईं

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने यहां एक राष्ट्रीय कार्यक्रम में क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जोश (संयुक्त स्वास्थ्य दल) टीमों का शुभारंभ किया। यह पहल क्षय रोग उन्मूलन के भारत के प्रयासों में युवाओं की अग्रणी सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, पहुंच और प्रतिबद्धता का उपयोग करते हुए क्षय रोग की रोकथाम, शीघ्र निदान, समय पर उपचार और इससे जुड़े कलंक को कम करने का संदेश देश भर के समुदायों तक पहुंचाना है।

सबकी भागीदारी आवश्यक

स्वास्थ्य मंत्री ने जोश टीमों के शुभारंभ को भारत में तपेदिक के खिलाफ सामूहिक लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि क्षय रोग मुक्त भारत की दिशा में देश के प्रयास एक पारंपरिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से जन आंदोलन में परिवर्तित हो गए हैं, जिसमें जन भागीदारी और सामुदायिक सहभागिता राष्ट्रीय प्रतिक्रिया के मुख्य स्तंभ के रूप में उभरे हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि क्षय रोग उन्मूलन का लक्ष्य केवल सरकारी हस्तक्षेप से प्राप्त नहीं किया जा सकता है और इसके लिए समुदायों, नागरिकों, निर्वाचित प्रतिनिधियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से देश के युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवा नेतृत्व वाली कार्रवाई के महत्व का उल्लेख करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिबद्धता और व्यापक पहुंच क्षय रोग उन्मूलन अभियान को नई गति प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि यद्यपि मंत्रालय ने इस अभियान में निर्वाचित प्रतिनिधियों और सामुदायिक नेतृत्व को धीरे-धीरे शामिल किया है, लेकिन चुनौती की व्यापकता और जटिलता को देखते हुए समुदायों के साथ सीधे काम करने वाले प्रतिबद्ध स्वयंसेवकों के एक व्यापक नेटवर्क की आवश्यकता है। इस संदर्भ में उन्होंने युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय के सहयोग की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप जोश पहल जमीनी स्तर तक पहुंची है।

संपूर्ण उपचार की रणनीति

श्री नड्डा ने कहा कि जोश टीमें सरकार, समुदायों और नागरिकों को समन्वित और सतत तरीके से एक साथ लाने का प्रयास हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस पहल का उद्देश्य केवल सूचना का प्रसार करना नहीं है, बल्कि समुदायों के भीतर सार्थक संवाद स्थापित करना, विश्वास बढ़ाना, आशंकाओं को दूर करना और यह सुनिश्चित करना है कि लोग समय पर जांच और उपचार के लिए आगे आएं। स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर बल दिया कि भारत की क्षय रोग उन्मूलन रणनीति में जागरूकता और स्क्रीनिंग से आगे बढ़कर संपूर्ण उपचार प्रक्रिया को शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और स्क्रीनिंग महत्वपूर्ण हैं लेकिन हमारी जिम्मेदारी यहीं खत्म नहीं होती। हमें निदान, उपचार और उपचार की पूर्णता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने सक्रिय केस फाइंडिंग को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि क्षय रोग से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान शीघ्र की जा सके और उन्हें उचित उपचार से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि शीघ्र निदान आगे संक्रमण को रोकने और परिवारों और समुदायों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

देशभर में होगा विस्तार

श्री नड्डा ने कहा कि यह पहल पहले चरण में 11 राज्यों में शुरू की जा रही है और धीरे-धीरे जमीनी स्तर पर इसका विस्तार होगा। ये टीमें जिला और ब्लॉक स्तर पर काम करेंगी और निगरानी एवं कार्यान्वयन के लिए डिजिटल तंत्रों द्वारा समर्थित होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं के नेतृत्व वाली यह पहल कमियों को पहचानने, पहुंच को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने में सहायक होगी कि क्षय रोग से संबंधित सेवाएं उन लोगों तक भी पहुंचें जो औपचारिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली से बाहर हैं। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि स्वस्थ नागरिक, स्वस्थ समाज, स्वस्थ देश” का सपना तभी साकार हो सकता है जब नागरिक एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान दें। दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल भारत में क्षय रोग उन्मूलन के प्रयासों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके अंतर्गत अभियान को सीधे समुदायों तक पहुंचाया जाएगा। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि क्षय रोग के खिलाफ लड़ाई हर गांव, बस्ती और घर तक पहुंचनी चाहिए, विशेषकर उन जगहों तक जहां डर और सामाजिक कलंक के कारण लोग समय पर इलाज कराने से कतराते हैं।

Related posts

संभलकर खायें आम का अंचार तो मिलेंगे स्वास्थ्य लाभ

admin

सुलभ और किफायती हो मानसिक विकार का उपचार : डॉ. पवार

admin

यात्रियों के अभिनंदन पर हुई काव्य गोष्ठी

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment