स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

योग पुरस्कार 2022 के लिये 27 अप्रैल तक नामांकन आमंत्रित

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। आयुष मंत्रालय ने प्रधानमंत्री योग पुरस्कार 2022 के लिये 27 अप्रैल तक नामांकन आमंत्रित किये हैं। विजेताओं के नामों की घोषणा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2022 को की जायेगी।

ऑनलाइन करने होंगे नामांकन

वर्ष 2022 के लिये आवेदन प्रक्रिया इस समय माय-गव प्लेटफार्म https//innovateindia.mygov.in/pm.yoga,awards-2022/ पर चालू है। आवेदनों-नामांकन को केवल ऑनलाइन तरीके से जमा किया जा सकता है। हार्ड-कॉपी नहीं भेजनी है। इसमें भारतीय मूल के व्यक्ति-संस्था की तरफ से दो राष्ट्रीय वर्गों में प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं। इसके अलावा विदेशी मूल के व्यक्ति-संस्था के लिये दो अंतर्राष्ट्रीय वर्ग भी हैं। ये पुरस्कार उनको प्रदान किये जायेंगे जिन्होंने योग में शानदार योगदान किया है तथा जिन्हें योग का गहरा ज्ञान है।

नामांकन की प्रक्रिया

जो व्यक्ति और संस्था इसमें हिस्सा लेना चाहते हैं, वे पीएमवाईए के पेज पर जाकर नामांकन प्रक्रिया को समझ सकते हैं तथा उसमें भाग ले सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया इस वर्ष 28 मार्च, 2022 से शुरू हो गई है तथा प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल, 2022 है। आवेदक चाहे तो सीधे आवेदन दे सकता है, या योग के क्षेत्र में काम करने वाले किसी प्रमुख व्यक्ति या संगठन द्वारा नामित हो सकता है। आवेदक एक ही पुरस्कार वर्ग के लिये नामांकन कर सकता है या स्वयं नामित हो सकता है, यानी वर्ष विशेष में या तो राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये अथवा अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये।

चयन के लिए समिति

चयन प्रक्रिया बहुत सटीक प्रक्रिया है जिसके लिये आयुष मंत्रालय ने दो समितियों का गठन किया है-जांच समिति और मूल्यांकन समिति (निर्णायक मंडल), जो पुरस्कारों के लिये विजेताओं के नामों को अंतिम रूप देने के वास्ते चयन व मूल्यांकन करेंगी। मूल्यांकन समिति (निर्णायक मंडल) की अध्यक्षता कैबिनेट सचिव करेंगे।

योग दिवस के लिए अभियान

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 की उलटी गिनती शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर 13 मार्च, 2022 को अभियान भी शुरू कर दिया गया। सौ दिन की यह उलटी गिनती 100 शहरों के 100 संगठनों को संलग्न करके होगी। यह प्रक्रिया 21 जून, 2022 तक चालू रहेगी। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिये योगाभ्यास का प्रदर्शन 21 जून, 2022 को 75 धरोहर-प्रमुख सांस्कृतिक स्थलों पर भी किया जायेगा। उपरोक्त 100 दिनों के दौरान अन्य कार्यक्रमों में योग प्रदर्शन, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा। मंत्रालय विश्व स्वास्थ्य संगठन के एमयोग ऐप, नमस्ते ऐप, वाई-ब्रेक एप्लीकेशन तथा विभिन्न जनाधारित गतिविधियों व कार्यक्रमों के जरिये योग के लाभों का प्रसार करेगा। माय-गव प्लेटफार्म पर चलाई जाने वाली गतिविधियों में फोटो प्रतियोगिता, क्विज, परिचर्चा, शपथ, सर्वेक्षण, जिंगल आदि शामिल हैं।

Related posts

यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुए स्वस्थ भारत और नरिन्दर

स्वस्थ भारत के लिए जरूरी हैं खेल: प्रधानमंत्री

The government would soon set up a separate Central Drug Controller for traditional medicines!

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment