स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

PMCH में 5462 बेड की व्यवस्था होगी : नीतीश कुमार

PMCH में 5462 बेड की व्यवस्था होगी : नीतीश कुमार

765.03 करोड़ की लागत से बना 1117 बेड का भवन

पटना (स्वस्थ भारत मीडिया)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 3 मई को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास परियोजना फेज एक अंतर्गत अस्पताल भवन के टावर-1 एवं 2 का उद्घाटन किया। यह भवन 765.03 करोड़ की लागत से 1117 बेड वाला है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीएमसीएच के शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए 22 फीट का प्रतीक स्वरूप निर्मित मूर्ति का भी अनावरण किया।

PMCH : 22 OT की व्यवस्था

इस भवन के इमरजेंसी वार्ड में 225 बेड, जनरल वार्ड में 504 बेड, लेबर वार्ड में 27 बेड, सिंगल रूम में 46 बेड, एनआईसीयू में 58 बेड, प्री-ओपी और ओपी में 66 बेड की सुविधा है। इसके साथ ही मल्टी कार पार्किग के साथ-साथ हेलीपैड की सुविधा उपलब्ध है। अब मरीज एयर एम्बुलेंस से भी यहां आ सकते है। इसके लिए लगभग पूरी तैयारी हो चुकी है। इस नए भवन में साल के अंत तक टावर 3 का कार्य पूरा हो जायेगा जिसके उपरांत 500 बेड अतिरिक्त हो जायेंगे। फेज-1 के अंतर्गत अस्पताल भवन के टावर-1 एवं टावर-2 में 9 मंजिला भवनों का निर्माण किया गया है जिसमें कुल 22 शल्य कक्ष तथा 8 ओपीडी है।

PMCH : भवन का हुआ निरीक्षण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित अस्पताल भवन का निरीक्षण कर मरीजों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सबसे पहले अस्पताल भवन के ऊपरी तल्ले पर जाकर पीएमसीएच के आसपास के इलाकों का मुआयना किया और एयर एम्बुलेंस के उतरने की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा 9 वें तले पर जाकर नर्स स्टेशन, स्वच्छ वस्त्र भंडार, विशिष्ट कमरा, अतिविशिष्ट कमरा, नर्स कक्ष आदि का भी जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पीएमसीएच बिहार का पहला अस्पताल है, जिसके ऊपरी छत पर गंभीर मरीजों को तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एयर एंबुलेंस के उतरने की व्यवस्था की गई है। पीएमसीएच तक एम्बुलेंस एवं वाहनों के सुचारू परिचालन के लिए जेपी गंगा पथ से इसे जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा अशोक राजपथ में निर्माणाधीन डबल डेकर रोड से भी पीएमसीएच को जोड़ा जायेगा, ताकि मरीजों को ससमय चिकित्सा सेवा उपलब्ध करायी जा सके।

PMCH : अन्य अस्पतालों में भी बेड बढ़े

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर पीएमसीएच के पुनर्विकास परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण करायें। जब यह काम पूरा होगा, तो यहां मरीजों के लिए 5462 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसका निर्माण पूर्ण होने जाने से प्रदेश के मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा अन्य पांच पुराने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को भी 2500 बेड का किया जा रहा है। इस क्रम में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पूर्व से उपलब्ध 1030 बेड के अलावा 330 नए बेड, गया के अनुग्रह नारायण मैडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 444 बेड के अलावा 623 बेड, भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 810 नए बेड, मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 705 बेड, पटना के एनएमसीएच में 470 बेड की उपलब्धता हो गयी है। आईजीआईएमएस में अलग से तीन हजार बेड का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जो इसी साल अगस्त में पूरा हो जायेगा।

Related posts

पीएम के संसदीय क्षेत्र में प्रवासी कामगारों के लिए मसीहा बनकर उभर रहे हैं लोग

Ashutosh Kumar Singh

गुणवत्तापूर्ण आयुष शिक्षा के लिए कई प्रयास : मंत्री

admin

AB PM-JAY के दुरुपयोग पर हो रहा तगड़ा एक्शन : जाधव

admin

Leave a Comment