स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

योग ने पूरी दुनिया को एकजुट किया: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

योग ने पूरी दुनिया को एकजुट किया: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अब तक के सबसे बड़े योग समारोह का नेतृत्व किया

नयी दिल्ली/विशाखापत्तनम (स्वस्थ भारत मीडिया)। विशाखापत्तनम के समुद्र तट पर उभरती सुनहरी सुबह और बंगाल की खाड़ी में ताल से ताल मिलाती लहरों के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जश्न में देश और दुनिया भर के योग प्रेमियों का नेतृत्व किया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज दुनिया के सबसे बड़े योग सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने समुद्र के किनारे ऐतिहासिक योग सत्र में भारत और विदेश से आए हजारों प्रतिभागियों के साथ हिस्सा लिया।

योग : जीवनशैली का अंग

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह 11 वां अवसर है जब दुनिया 21 जून को सामूहिक रूप से योग का अभ्यास करने के लिए एक साथ आई है। उन्होंने कहा कि योग का सार “एकजुट होना” है और यह देखकर खुशी होती है कि योग ने दुनिया को कैसे एकजुट किया है। पिछले दशक में योग की यात्रा पर विचार करते हुए श्री मोदी ने उस क्षण को याद किया जब भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विचार रखा था। उन्होंने कहा कि 175 देशों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जो इतनी व्यापक वैश्विक एकता का एक दुर्लभ उदाहरण है। उन्होंने कहा, “ग्यारह साल बाद, योग दुनिया भर में लाखों लोगों की जीवनशैली का एक अभिन्न अंग बन गया है।”

योग: क्षमताओं से परे

प्रधानमंत्री ने यह देखकर गर्व व्यक्त किया कि कैसे दिव्यांग व्यक्ति ब्रेल में योग संबंधी पाठ पढ़ रहे हैं और कैसे वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग का अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने योग ओलंपियाड में ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की उत्साह के साथ भागीदारी का भी उल्लेख किया। श्री मोदी ने कहा कि चाहे वह सिडनी ओपेरा हाउस की सीढ़ियां हों, माउंट एवरेस्ट की चोटी हो या समुद्र का विशाल विस्तार, संदेश एक ही है- “योग सीमाओं, पृष्ठभूमियों या क्षमताओं से परे सभी के लिए है।” उन्होंने विशाखापत्तनम में होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक प्रगति का जीवंत संयोग बताया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के सावधानीपूर्वक आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने एन. चंद्रबाबू नायडू को उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए धन्यवाद दिया।
योगांध्र अभियान अभियान के प्रति अनुकरणीय समर्पण के लिए आंध्र के कैबिनेट मंत्री नारा लोकेश की विशेष प्रशंसा की गई।

योग: 180 देशों में हुआ आयोजन

आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए प्रस्ताव पारित करवाने का अभूतपूर्व कदम उठाया। योग के लिए यह पहल अब 180 से अधिक देशों में मनाए जाने वाले वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आंदोलन में बदल गई है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के एक दशक पूरे होने के अवसर पर, “हमने इस वर्ष 10 प्रमुख कार्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें वृक्षारोपण के साथ हरित योग (ग्रीन योग), योग कनेक्ट, योग पार्क, योग बंधन, योग महाकुंभ और योग संगम शामिल हैं, जिन्हें देश भर में 10 लाख से अधिक संगठन मना रहे हैं।”

केंद्रीय मंत्रियों ने भी किया योग

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उधमपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषियों की दी गई योग की प्राचीन परंपरा का अब विश्व स्तर पर पालन किया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने “X” पर लिखा कि योग मन, शरीर और मस्तिष्क के बीच तालमेल बिठाता है और यह दुनिया भर के लोगों की दिनचर्या का एक अभिन्न अंग बन गया है। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि योग हमारे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक आयामों में संतुलन का पोषण करता है, जिससे एक स्वस्थ और अधिक संपूर्ण जीवन संभव होता है।

योग: आयुष आहार वितरित

उल्लेखनीय है कि 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज दिल्ली में 100 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। दिल्ली में 70 स्थानों पर मंत्रालय इस अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के सभी प्रतिभागियों को आयुष आहार वितरित किया गया। यह आयुष आहार मोरिंगा-आधारित खाद्य उत्पाद हैं और यह लोगों के लिए एक स्वस्थ और स्वादिष्ट भोजन विकल्प के रूप में उभरेगा। इसके अलावा सभी केंद्रीय मंत्रालयों से लेकर जिला स्तर तक के सभी कार्यालयों, अस्पतालों, संगठनों तक ने योग दिवस मनाया।

Related posts

कोविड का नया वैरिएंट BA.2.86 के खतरे कम

admin

कैंसर की वैक्सीन बनने की बढ़ी संभावना, मिलेगी राहत

admin

मन की बात कार्यक्रम में बोले प्रधानमंत्री, भारतीय चिकित्सकों ने पूरी दुनिया में अपनी की पहचान कायम की है

Leave a Comment