स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

आयुष क्षेत्र में 100 फीसद FDI की अनुमति, पोर्टल लॉन्च

आयुष क्षेत्र में 100 फीसद FDI की अनुमति, पोर्टल लॉन्च

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। केंद्र सरकार ने आयुष क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई की अनुमति के साथ आयुष निवेश सारथी नाम से पोर्टल लॉन्च किया है। इसका अनावरण केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने संयुक्त रूप से वाणिज्य भवन में किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के नेता, आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा और डीपीआईआईटी के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया सहित कई वैश्विक हितधारक एक साथ एक मंच पर मौजूद थे।

आयुष : विरासत से जुड़ेंगे निवेशक

कार्यक्रम के दौरान पीयूष गोयल ने कहा कि यह दुनिया के लिए एक संकेत है कि भारत समग्र स्वास्थ्य देखभाल में निवेश, सहयोग और नवाचार के विकल्पों के लिए खुला है। भारत के आयुष चिकित्सा का तंत्र हमारी प्राचीन परंपराओँ में निहित ज़रूर है, लेकिन इसमें आधुनिक नज़रिए का तालमेल भी साफ झलकता है। इस पोर्टल के ज़रिए हम न केवल निवेशकों को नए अवसरों के साथ, बल्कि कल्याण के लिए भारत की प्राचीन विरासत के साथ भी जोड़ रहे हैं। आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म से कहीं अधिक है, यह बदलावकारी पहल है। यह सरकार की सक्रिय नीतियों, 8,000 से अधिक औषधीय पौधों की प्रजातियों की भारत की प्राकृतिक संपदा और विश्व स्तर पर विश्वसनीय कल्याणकारी परंपरा को एक साथ लाता है। यह पोर्टल निवेशकों को वास्तविक समय का डेटा, पारदर्शी नीति मार्गदर्शन और एक जीवंत, विस्तारित बाजार तक पहुंच के साथ उन्हें सशक्त बनाएगा। आयुष अब केवल भारत की विरासत नहीं है, बल्कि यह अब एक वैश्विक अवसर है।

आयुष : भारत की स्थिति मजबूत होगी

मालूम हो कि आयुष निवेश सारथी एक समर्पित, निवेशक-केंद्रित डिजिटल प्लेटफॉर्म है जिसे आयुष मंत्रालय ने इन्वेस्ट इंडिया की मदद से विकसित किया है। यह एक एकीकृत इंटरफ़ेस के तहत नीतिगत ढांचे, प्रोत्साहन संरचनाओं, निवेश के लिए तैयार परियोजनाओं और वास्तविक समय पर सुविधाओं को एक साथ उपलब्ध कराता है। घरेलू और वैश्विक दोनों किस्म के निवेशकों को मदद करने के लिए डिज़ाइन किया गया, यह प्लेटफ़ॉर्म एक रणनीतिक उपकरण है, जो चिकित्सा की पारंपरिक प्रणालियों के लिए वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में भारत की स्थिति को और मजबूत करता है। भारत का आयुष उद्योग देश में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक के रूप में उभरा है, जिसने 2014 और 2020 के बीच 17 फीसद की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। मौजूदा वक्त में जब दुनिया भर में प्राकृतिक, निवारक और कल्याण-आधारित स्वास्थ्य देखभाल में लोगों की रुचि तेज़ी से बढ़ रही है, वैश्विक स्वास्थ्य और जीवन शैली में आ रहे बदलाव के लिए आयुष एक बड़ा कारक बनकर उभर रहा है।

आयुष : 13 बिलियन डॉलर का बाजार

आयुष क्षेत्र का महत्व, चिकित्सा मूल्य यात्रा (एमवीटी) और वैश्विक कल्याण अर्थव्यवस्था में इसके योगदान में भी मज़बूती से झलकता है। भारत में शीर्ष पांच स्वास्थ्य सेवाओं में शुमार, आयुष वैश्विक स्तर पर देश के 13 बिलियन अमेरिकी डॉलर के एमवीटी क्षेत्र का प्रमुख चालक है। आयुष निवेश सारथी के लॉन्च के साथ ही, भारत सरकार ने आयुष को सार्वजनिक स्वास्थ्य और आर्थिक विकास दोनों का मज़बूत स्तंभ बनाने के अपने दृष्टिकोण की एक बार फिर पुष्टि की है। यह पोर्टल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को आकर्षित करने, उद्यमियों को सशक्त बनाने और पारंपरिक चिकित्सा तथा कल्याण में भारत के नेतृत्व को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने में काफी मददगार साबित होगा।

Related posts

गरीबी उन्मूलन की दिशा में जनऔषधि एक क्रांतिकारी कदम हैः मनसुख भाई मांडविया, रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री, भारत सरकार

Ashutosh Kumar Singh

चाय बागान के दुश्मन कीटों के विरुद्ध नया जैविक अस्त्र

admin

कोविड-19 : आपके घर में कोई बुजुर्ग है तो यह खबर आपके लिए है

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment