पटना (स्वस्थ भारत मीडिया)। एम्स (Aiims) पटना के त्वचाविज्ञान (Dermatology) विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेतालिना प्रधान ने सर्दियों में होने वाली आम त्वचा समस्याओं की चर्चा करते हुए कुछ महत्व्पूर्ण टिप्स दिए हैं। डॉ. प्रधान एक प्रतिष्ठित त्वचा विशेषज्ञ हैं, जिन्हें क्लिनिकल त्वचाविज्ञान, बाल त्वचाविज्ञान, कोलेजन संवहनी रोग, कुष्ठ रोग और त्वचा शल्य चिकित्सा में विशेषज्ञता प्राप्त है। उन्हें इस क्षेत्र में उनके योगदान के लिए कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
AIIMS: मॉइस्चराइज़र का उपयोग करें

डॉ. प्रधान ने कहा है कि सर्दियों के दौरान कई लोगों को रूखी त्वचा, फटी एड़ियाँ और बालों का झड़ना जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। रूखेपन से बचने के लिए अपनी त्वचा को अच्छी तरह से मॉइस्चराइज़ रखें और पैरों की सुरक्षा के लिए मोजे पहनें। उनके मुताबिक नहाते समय बहुत गर्म पानी का उपयोग करने से बचना चाहिए। इसके बजाय गुनगुने पानी का उपयोग करें। नहाने के बाद जब त्वचा थोड़ी नम हो तो उपयुक्त मॉइस्चराइज़र लगाएं। दिन में दो बार मॉइस्चराइज़र लगाने से त्वचा में नमी बनी रहती है और रूखापन कम होता है। इसी तरह बालों का झड़ना भी सर्दियों की एक आम समस्या है जो रूखी खोपड़ी के कारण होने वाले रूसी से होती है। फंगल संक्रमण इस स्थिति को और खराब कर सकता है जिससे खुजली और पपड़ी हो सकती है। वैसे में सप्ताह में कम से कम दो बार शैम्पू करना उचित है। सिर की त्वचा पर तेल लगाने से बचें क्योंकि इससे रूसी बढ़ सकती है। हालांकि शरीर के बाकी हिस्सों पर तेल का सुरक्षित रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है।
AIIMS: बच्चों पर खास हिदायत
डॉ. प्रधान ने आगे कहा है कि कुछ लोगों को कड़ाके की ठंड में हाथों और पैरों में लालिमा, सूजन और दर्दनाक घाव हो सकते हैं। ऐसी स्थिति को चिलब्लेन कहा जाता है। इस परिस्थिति में ठंड के सीधे संपर्क से बचें और गर्म रहें। बच्चों को सर्दियों में रूखी त्वचा के कारण एक्जिमा (एटॉपिक डर्मेटाइटिस) हो सकता है। नियमित रूप से मॉइस्चराइज़ करने और त्वचा को न सुखाने वाले साबुन का उपयोग करने से मदद मिल सकती है। कुछ बच्चों को ऊनी कपड़ों से एलर्जी भी हो सकती है जिससे एक्जिमा और बिगड़ सकता है। ऐसे मामलों में ऊन से बचें और मुलायम सूती या आरामदायक कपड़े पहनायें। कुछ लोगों को धूप से भी एलर्जी हो सकती है इसलिए सर्दियों में धूप में निकलने के दौरान त्वचा को ढकने की सलाह दी जाती है।
