स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

Bimstec प्रौद्योगिकी हस्तांतरण केंद्र से जुड़े करार को मंजूरी

नयी दिल्ली। बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल (Bimstec) के अंतर्गत कोलंबो में टेक्नोलॉजी ट्रांसफर फैसिलिटी (TTF) की स्थापना के लिए भारत के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MOA) को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इससे संबंधित निर्णय लिया गया है।

टेकनोलॉजी ट्रांसफर से कई सुविधाएं

बिम्सटेक टेक्नोलॉजी ट्रांसफर फैसिलिटी (TTF) का मुख्य उद्देश्य प्रौद्योगिकियों के हस्तांतरण, साझा-अनुभव और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देकर बिम्सटेक सदस्य देशों के बीच प्रौद्योगिकी हस्तांतरण में समन्वय, सुविधा एवं सहयोग को मजबूत करना है। श्रीलंका के कोलंबो में 30 मार्च, 2022 को पाँचवें Bimstec शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों द्वारा इस बारे में हस्ताक्षर किए गए थे। बिम्सटेक के सदस्य देशों की इस पहल के प्राथमिकता क्षेत्रों में जैव प्रौद्योगिकी, नैनो प्रौद्योगिकी, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से संबंधित अनुप्रयोग, कृषि प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी, फार्मास्युटिकल प्रौद्योगिकी में स्वचालन, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा से संबंधित प्रौद्योगिकी में स्वचालन, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी, समुद्र विज्ञान, परमाणु प्रौद्योगिकी से संबंधित अनुप्रयोग, ई-अपशिष्ट एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और जलवायु परिवर्तन अनुकूलन से संबंधित प्रौद्योगिकी जैसे विषय शामिल हैं।

शासी बोर्ड करेगा नियंत्रण

टेक्नोलॉजी ट्रांसफर फैसिलिटी (TTF) का एक शासी बोर्ड होगा, और इसकी गतिविधियों का समग्र नियंत्रण शासी बोर्ड के तहत होगा। शासी बोर्ड में प्रत्येक सदस्य देश की ओर से एक नामांकित व्यक्ति शामिल होगा। Bimstec एक बहुपक्षीय क्षेत्रीय संगठन है, जिसकी स्थापना बंगाल की खाड़ी में तटीय और आसन्न देशों के बीच साझा विकास और सहयोग को तेज करने के उद्देश्य से की गई है। इसके कुल सात सदस्य देश हैं, जिनमें भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल और श्रीलंका सहित दक्षिण एशिया से पाँच देश, और म्यांमार और थाईलैंड सहित दक्षिण पूर्व एशिया से दो देश शामिल हैं।

इंडिया साइंस वायर से साभार

Related posts

Silent killer है चीनी, जल्दी खोजें विकल्प

admin

जलवायु परिवर्तन पर काम करने वाले शीर्ष देशों में पहुंचा भारत

admin

Study : मुंह और गर्भाशय कैंसर से ज्यादा मौतें भारत में

admin

Leave a Comment