स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

Bihar: सूबे में होगी फैटी लिवर स्क्रीनिंग

Bihar: सूबे में होगी फैटी लिवर स्क्रीनिंग

पटना (स्वस्थ भारत मीडिया)। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में फैटी लिवर (Fatty Liver) और गैर-संचारी रोगों (NCDs) की रोकथाम के लिए ‘स्वस्थ लिवर–स्वस्थ बिहार’ नामक एक विशेष राज्यव्यापी अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत अगले 18 महीनों में राज्य के सभी 38 जिलों में 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब 26 लाख लोगों की फैटी लिवर स्क्रीनिंग की जाएगी। इस मुहिम के लिए नई दिल्ली के प्रतिष्ठित यकृत एवं पित्त विज्ञान संस्थान (ILBS) से तकनीकी सहयोग ले रही है।

25 हजार डॉक्टर भाग लेंगे

जानकारी के मुताबिक जमीनी स्तर पर जांच और पहचान को मजबूत करने के लिए 150 मास्टर ट्रेनरों के साथ-साथ 25 हजार डॉक्टरों, नर्सों, लैब तकनीशियनों और स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। लोगों को उनके घर के नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से यह जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी। जिला स्तर पर जिलाधिकारी, प्रमंडल स्तर पर आयुक्त और राज्य स्तर पर स्वयं स्वास्थ्य मंत्री इसकी प्रोग्रेस की निगरानी करेंगे। यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री निशांत और स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि की अध्यक्षता में हाल में हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। हाल ही में हुए एक शोध में बिहार के बड़ी संख्या में मेटाबॉलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीएटोटिक लिवर डिजीज (MASLD) के लक्षण मिलने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है।

स्वास्थ्य मंत्री की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को अभियान प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि फैटी लिवर की समय पर पहचान से मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों को नियमित जांच, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

H3N2 इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों पर केंद्र सक्रिय

admin

Wockhardt लिमिटेड कंपनी की दवा निकली अमानक

Ashutosh Kumar Singh

Monkeypox अब ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी नहीं रही

admin

Leave a Comment