कोलकाता से लेकर देश—विदेश तक योग कर रही धूम
नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता में ऐतिहासिक रेड रोड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY) के राष्ट्रीय समारोह में भाग लिया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) की थीम के तहत राष्ट्रीय आयोजन का नेतृत्व करते हुए उन्होंने हजारों प्रतिभागियों के साथ ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ का अभ्यास किया, जबकि भारत और दुनिया भर के लाखों लोग ऑनलाइन माध्यम से इस समारोह में शामिल हुए।
योग: एकता का बंधन भी
प्रधानमंत्री ने भारत और दुनिया भर के लोगों को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 21 जून दुनिया के सबसे बड़े सामूहिक समारोहों में से एक बन गया है, जिसमें विभिन्न देशों और संस्कृतियों के लोग योग के अभ्यास के माध्यम से एक साथ आते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक और बंगाल से लेकर सौराष्ट्र तक, पूरा देश योग की ऊर्जा और भावना से ओत-प्रोत है। उन्होंने कहा कि योग में लोगों, समाजों और देशों को जोड़ने की अद्भुत शक्ति है और यह मानवीय एकता के बंधन को मजबूत करता रहता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देखते हुए, वहाँ राष्ट्रीय समारोह का आयोजन करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद, श्री अरबिंदो और अन्य हस्तियों सहित बंगाल से जुड़े महान आध्यात्मिक नेताओं और विचारकों ने दुनिया भर में योग का संदेश फैलाने में मदद की। तरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) की बात करते हुए, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि योग सिर्फ़ शारीरिक व्यायाम या किसी विशेष उम्र के लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का ऐसा तरीका है जो जीवन के हर पड़ाव पर ऊर्जा, मज़बूती और सेहत को बढ़ावा देता है।
योग: समाज स्वस्थ बनेगा
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आग्रह किया कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें। उन्होंने “योग 365” पहल और इस वर्ष शुरू किए गए 100-दिवसीय ऑनलाइन योग कार्यक्रम का ज़िक्र किया, जिसमें 130 देशों के 30 लाख से ज़्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि योग को बड़े पैमाने पर अपनाने से स्वस्थ, मज़बूत और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में सहायता मिलेगी, और अपनी बात “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” (सब सुखी हों, सब रोगमुक्त हों) की प्रार्थना के साथ समाप्त की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम ने पूरे राज्य में अभूतपूर्व उत्साह पैदा किया है, जिसमें दार्जिलिंग से लेकर दीघा और कूचबिहार तक के सभी ज़िलों के लोगों ने योग गतिविधियों और समारोहों में भाग लिया है। उन्होंने बताया कि कोलकाता और पूरे पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल हुए, जो जीवनशैली के तौर पर योग की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।
योग: 180 देशों ने अपनाया
कोलकाता में पीएम के साथ आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव भी थे। उन्होंने कहा कि 2014 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को अपनाए जाने के बाद से, अब 180 से ज़्यादा देशों में योग मनाया जाता है, जो इसकी सार्वभौमिक अपील और समकालीन समाज में इसकी बढ़ती प्रासंगिकता को दर्शाता है। इस वर्ष के विषय “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) का ज़िक्र करते हुए, श्री जाधव ने मंत्रालय की “योग 365” पहल की जानकारी दी जिसका उद्देश्य नागरिकों को वर्ष भर योग को अपने दैनिक जीवन का अंग बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY 2026) के लिए शुरू किए गए कई कार्यक्रमों की भी जानकारी दी, जिनमें बड़े पैमाने पर जन-संपर्क कार्यक्रम, डिजिटल भागीदारी अभियान और अभिनव योग गतिविधियाँ शामिल हैं। भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आयुष सेवाओं तक पहुँच का विस्तार करने और देश के वेलनेस इकोसिस्टम को मज़बूत करने के लिए काम कर रहा है।
योग: दिल्ली में 40 जगह सत्र
राजधानी दिल्ली में 40 स्थानों पर मनाए गए 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ऐतिहासिक लाल किला इसका मुख्य केंद्र बना, जिसमें भारत की समृद्ध विरासत और योग परंपरा दिखाई गई। कर्तव्य पथ, शांतिपथ लॉन, बांसेरा, लोधी गार्डन, सेंट्रल पार्क कनॉट प्लेस, तालकटोरा गार्डन, स्वर्ण जयंती पार्क, सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आस्था कुंज पार्क और कई अन्य पार्कों, विरासत स्थलों और खेल परिसरों सहित प्रतिष्ठित और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर योग सत्र आयोजित किए गए। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण और रसायन और उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शांतिपथ लॉन तो दिल्ली के उप राज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू, कॉर्पोरेट मामलों और सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में योग सत्र में शामिल हुए। राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, जामनगर में आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (ITRA), सभी मंत्रालयों, प्रदेश की सरकारों और नागरिक संस्थाओं ने देशभर में योग दिवस मनाया।
