स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

दिल्ली में लागू होगा नेशनल आयुष मिशन, बनेगा मॉडल स्टेट

दिल्ली में लागू होगा नेशनल आयुष मिशन, बनेगा मॉडल स्टेट

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। दिल्ली की राज्य सरकार सूबे में नेशनल आयुष मिशन लागू करेगी ताकि आयुष के क्षेत्र में यह मॉडल राज्य बन सके। यह घोषणा दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने की। इस बारे में उन्होंने हाल ही आयुष निदेशालय और आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथी संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की है।

दिल्ली : आयुष को प्राथमिकता

डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आयुष चिकित्सा (आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) को प्राथमिकता देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली को आयुष चिकित्सा के क्षेत्र में एक मॉडल स्टेट के रूप में विकसित किया जाए, जिससे प्रत्येक नागरिक को पारंपरिक, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुगमता से उपलब्ध हो सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब दिल्ली आयुष चिकित्सा का मॉडल स्टेट बनेगा तब लोगों को संपूर्ण इलाज और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का असरदार समाधान मिलेगा एवं तनाव और डिप्रेशन जैसी समस्याओं के समाधान में आयुष चिकित्सा एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। इससे आयुष चिकित्सा को नई मजबूती मिलेगी और इसकी सेवाएं ज्यादा लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंचेंगी।

दिल्ली : इंटीग्रेटेड स्ट्रेस मैनेजमेंट प्रोग्राम भी

उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को मुख्यधारा की स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा जाएगा और रोगों की रोकथाम पर आधारित इलाज को बढ़ावा मिलेगा। तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार एक इंटीग्रेटेड स्ट्रेस मैनेजमेंट प्रोग्राम शुरू करने जा रही है, जिसमें योग, यूनानी और होम्योपैथी का समन्वय होगा। यह प्रोग्राम लोगों को तनाव, डिप्रेशन और लाइफस्टाइल डिसऑर्डर्स से निपटने में असरदार समाधान देगा और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से संतुलित, स्वस्थ और बेहतर जीवन जीने की शक्ति देगा।

दिल्ली : आयुष वेलनेस सेंटर बनेंगे

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सभी नागरिकों तक आयुष चिकित्सा की सुविधाएं पहुंचाने के लिए एक आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर स्थापित करने जा रही है। यहां आयुष आधारित इलाज, रोगों की रोकथाम और वेलनेस सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। इस वेलनेस सेंटर का उद्देश्य है कि पारंपरिक चिकित्सा आम लोगों की ज़िंदगी का हिस्सा बने ताकि हर नागरिक इसका लाभ उठा सके और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने आयुष विभाग के अंतर्गत कॉलेजों में इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को दूर करने के लिए निर्देश दिए।

दिल्ली : झुग्गी बस्तियों के लिए वैन सेवा

उन्होंने बताया कि झुग्गी बस्तियों और स्लम इलाकों में आयुष सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष मेडिकल अवेयरनेस वैन की व्यवस्था की जाएगी। ये वैन उन समुदायों तक आयुष चिकित्सा, परामर्श और जानकारी पहुंचाएंगी, जिन्हें सामान्यत: ऐसी सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। इन मेडिकल अवेयरनेस वैन का उद्देश्य दूर-दराज के इलाकों में जाकर लोगों को आयुष चिकित्सा के अद्वितीय लाभों से अवगत कराना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस तरह के उपायों से राजधानी को एक स्वस्थ, खुशहाल और आत्मनिर्भर शहर बनाने में मदद मिलेगी। दिल्ली के नागरिकों को बेहतर, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए आयुष के साथ-साथ आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत किया जा रहा है और दिल्ली सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts

जान की बाजी लगाकर भी सेवारत है दिल्ली पुलिस

Ashutosh Kumar Singh

Robots: बुजुर्ग आबादी की देखभाल भी कर सकेंगे

admin

स्वास्थ्य-पर्यावरण-भ्रूण हत्या के प्रति देश को जागरूक करने लिए समुद्र की गहराई में चलाएंगे साईकिल युवा पांडव

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment