स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

लैब में सोना से भी कीमती Golden blood group बनाने की तैयारी

लैब में सोना से भी कीमती गोल्डन ब्लड ग्रुप बनाने की तैयारी

नयी दिल्ली। दुनिया भर में सिर्फ़ एक इंसान का ब्लड ग्रुप आरएच नल (Rh null) होता है। अब रिसर्चर इस ब्लड ग्रुप को लैब में तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि लोगों की जान बचाई जा सके। मरीज़ को ब्लड चढ़ाने की प्रक्रिया ने मॉडर्न मेडिसिन को बदल दिया है। अगर कोई कभी घायल हो जाएं या किसी मेडिकल इमरजेंसी में सर्जरी की ज़रूरत पड़े, तो दूसरों का डोनेट किया गया ब्लड जान बचाने में मददगार होता है। लेकिन हर किसी को ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न का फ़ायदा नहीं मिल पाता। ख़ासकर दुर्लभ ब्लड ग्रुप वाले लोगों को मैचिंग ब्लड पाने में काफ़ी संघर्ष करना पड़ता है।

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे दुर्लभ ब्लड ग्रुप्स में से एक आरएच नल ब्लड ग्रुप दुनिया में अब तक सिर्फ़ 50 लोगों में पाया गया है। ऐसे में इस ब्लड ग्रुप वाले लोगों को ज़रूरत पड़े तो मैचिंग ब्लड मिलने की संभावना बहुत कम होती है। आरएच नल ब्लड ग्रुप वाले लोगों को खु़द अपना ब्लड फ़्रीज़ कर जमा करने को कहा जाता है। लेकिन, इस ब्लड ग्रुप की कई दूसरी वजहों से भी काफ़ी अहमियत है। मेडिकल और रिसर्च कम्युनिटी में इसे कभी-कभी ‘गोल्डन ब्लड’ कहा जाता है। इसकी वजह ये है कि आरएच नल ब्लड ग्रुप यूनिवर्सिल ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न को संभव बनाने में मदद कर सकता है। इसके लिए वैज्ञानिक उन प्रतिरक्षा संबंधी समस्याओं पर काबू पाने के तरीके खोज रहे हैं, जिनके कारण डोनेट किए गए ब्लड का इस्तेमाल करने में समस्याएं आती हैं।
ब्लड क्लासिफ़िकेशन सिस्टम कई तरह के होते हैं, जिनमें से एक ABO है। शरीर में बह रहे ब्लड का ग्रुप रेड ब्लड सेल्स की सतह पर कुछ ख़ास मार्कर्स की मौजूदगी या गैर-मौजूदगी के आधार पर तय होता है। ये मार्कर, जिन्हें एंटीजन कहा जाता है, प्रोटीन या शुगर से बने होते हैं जो कोशिका की सतह से बाहर निकलते हैं और शरीर का इम्यून सिस्टम इन्हें पहचान सकता है।
यूनिवर्सिटी ऑफ़ ब्रिस्टल में सेल बायॉलजी के प्रोफ़ेसर ऐश टॉय कहते हैं—अगर आपको ऐसा ब्लड चढ़ाया जाता है जिसमें आपके ब्लड से अलग एंटीजन होते हैं, तो शरीर उसके ख़िलाफ़ एंटीबॉडी बनाएगी और उस पर हमला करेगी। अगर आपको वह ब्लड दोबारा चढ़ाया जाता है, तो यह जानलेवा हो सकता है।
दो ब्लड ग्रुप सिस्टम जो सबसे बड़ी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया देते हैं, वे हैं ABO और रीसस (आरएच)। जिसका ब्लड ग्रुप A होता है, उसके ब्लड सेल्स की सतह पर A एंटीजन होते हैं, B ब्लड ग्रुप वाले इंसान के ब्लड सेल्स की सतह पर B एंटीजन होते हैं। AB ब्लड ग्रुप में A और B दोनों एंटीजन होते हैं, जबकि O ब्लड ग्रुप में A और B में से कोई भी एंटीजन नहीं होता। हर ग्रुप या तो आरएच पॉज़िटिव या आरएच निगेटिव हो सकता है। O निगेटिव ब्लड ग्रुप वालों को यूनिवर्सल डोनर कहा जाता है क्योंकि उनके ब्लड में न तो A, न ही B और न ही आरएच एंटीजन होते हैं हालांकि, यह काफ़ी सरल व्याख्या है।
अक्तूबर 2024 तक 47 ब्लड ग्रुप और 366 तरह के एंटीजन के बारे में पता चला है। इसका मतलब है कि O निगेटिव ब्लड चढ़ाए जाने वाले व्यक्ति में किसी भी दूसरे एंटीजन की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया हो सकती है हालांकि कुछ एंटीजन दूसरों की तुलना में अधिक प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया देते हैं। वहीं 50 से अधिक आरएच एंटीजन होते हैं। जब लोग आरएच निगेटिव होने की बात करते हैं, तो वे आरएच(डी) एंटीजन की बात करते हैं, लेकिन उनके रेड ब्लड सेल्स में इसके अलावा भी दूसरे आरएच प्रोटीन होते हैं।
दुनिया भर में आरएच एंटीजन भी अलग-अलग तरह के होते हैं, जिससे सही डोनर मैच खोजना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, आरएच नल ब्लड वाले लोगों में सभी 50 आरएच एंटीजन नहीं होते। ऐसे लोगों को कोई दूसरा ब्लड ग्रुप नहीं चढ़ाया जा सकता, लेकिन सभी आरएच ब्लड टाइप के लिए आरएच नल ब्लड ग्रुप सही होता है।
इस तरह 0 टाइप और आरएच नल ब्लड काफ़ी कीमती हैं क्योंकि ज़्यादातर लोगों को ये ब्लड ग्रुप चढ़ाए जा सकते हैं। इमरजेंसी में जब किसी मरीज़ का ब्लड ग्रुप नहीं पता होता है, तो O टाइप आरएच नल ब्लड दिया जा सकता है क्योंकि इससे एलर्जिक रिएक्शन का रिस्क कम होता है। यही वजह है कि दुनिया भर के वैज्ञानिक इस “गोल्डन ब्लड” जैसा ब्लड बनाने के तरीके खोज रहे हैं।
प्रोफ़ेसर टॉय कहते हैं—आरएच (एंटीजन) एक बड़ी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को ट्रिगर करते हैं और इसलिए अगर आपके ब्लड में इनमें से कोई भी नहीं है, तो आरएच के संदर्भ में प्रतिक्रिया करने के लिए कुछ भी नहीं है। अगर आप टाइप O और आरएच नल हैं, तो यह लगभग यूनिवर्सल हैं लेकिन अभी भी ऐसे दूसरे ब्लड ग्रुप हैं जिन पर आपको विचार करना होगा।

Related posts

2030 तक हैजा समाप्त करने का लक्ष्य : डॉं. भारती

admin

लिम्फेटिक फाइलेरिया की दवा वितरण का कार्यक्रम हुआ प्रारंभ

admin

IITF : स्वास्थ्य मंडप की सुविधाओं का लाभ ले रहे लोग

admin

Leave a Comment