स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

देश के सबसे पुराने खाद्य पदार्थों में बाजरा भारत का सुपरफूड

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने ‘भारत के लिए भविष्य का सुपर फूड‘ विषय पर राष्ट्रीय बाजरा सम्मेलन का उद्घाटन किया। इसका आयोजन उद्योग निकाय एसोचौम ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से किया। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2023 बाजरा का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष होगा।

भारत का सुपर फूड

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में मोटे अनाज का उत्पादन 2020-21 में बढ़कर 17.96 मिलियन टन हो गया है, जो 2015-16 में 14.52 मिलियन टन था और बाजरा (मोती बाजरा) का उत्पादन भी इसी अवधि में बढ़कर 10.86 मिलियन टन हो गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में भी आसानी से लम्बे समय तक सुरक्षित रहने की क्षमता के कारण अकाल के समय में मोटे अनाज को भण्डार गृह भी माना जाता है। बाजरा के फायदों के बारे में बात करते हुए श्री पटेल ने कहा कि बाजरा देश के सबसे पुराने खाद्य पदार्थों में से एक रहा है। यह छोटे बीजों से उगाई जाने वाली फसल है जिसे शुष्क क्षेत्रों में या यहां तक कि कम उर्वरता वाली भूमि पर भी उगाया जा सकता है। यही कारण है कि इसे भारत के सुपरफूड के रूप में जाना जाता है।

11 राज्यों में बाजरा की खेती

मंत्री ने कहा कि फसल का छोटा सीजन होने के कारण बाजरा लगभग 65 दिनों में छोटे बीज से तैयार होकर काटे जाने लायक फसल के रूप में विकसित हो सकता है। बाजरा फसल की यह विशेषता दुनिया की घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अगर ठीक से इसे संग्रहित किया जाए तो बाजरा दो साल या उससे अधिक समय तक सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने कहा कि भारत के पोषण परिणामों में सुधार के लिए बाजरा को मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता है। भारत में प्रमुख बाजरा उत्पादक राज्यों में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं।

Related posts

इंदौर की पांच वालिकाएं बनीं ‘स्वस्थ वालिका स्वस्थ समाज’ की गुडविल एम्बेसडर

Ashutosh Kumar Singh

खतरा : नेपाल के पहाड़ों से एक तिहाई बर्फ खत्म

admin

कोरोना के फैलने में मोबाइल फोन का भी रहा योगदान

admin

Leave a Comment