नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। दिल्ली समेत उत्तर भारत के अधिकांश सूबों में गर्मी का कहर बता रहा है कि जून में कैसी हालत रहेगी। कई सूबों में तापमान 40 पार चल रहा है। भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल के अंत तक तापमान 50 डिग्री के पार जा सकता है। उसे लू (हीटवेव) की भी आशंका है। यह परिस्थिति स्वास्थ्य पर भी अटैक करती है। सिरदर्द, डिहाइड्रेशन, डायरिया आदि का भी खतरा रहता है। डिहाइड्रेशन हुआ तो ब्रेन स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
क्या—क्या करें
- हाइड्रेट रहें—इस हालत में शरीर में पानी की जरूरत ज्यादा होती है। इसलिए पानी भरपूर पिएं। पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और बीमारियों का खतरा कम करने में मदद मिलती है। गर्मी, हीटवेव के दौरान हाइड्रेटेड रहने के लिए छाछ, नींबू पानी और नारियल पानी का सेवन करना भी लाभदायक होता है।
- सूती के कपड़े पहने—गर्मियों के मौसम में पसीना सुखाने के लिए सूती के कपड़े ही पहनना चाहिए। सूती और खादी के कपड़े गर्मियों में शरीर को ठंडक प्रदान करते हैं। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों के लिए सूती कपड़े हाइपोएलर्जेनिक होते हैं। गर्मियों में सूती के कपड़े पहनने से घमौरियां, रैशेज का खतरा कम होता है।
- छाते और टोपी का इस्तेमाल करें—गर्मियों में घर से बाहर जाते समय धूप से बचाव के लिए छाते और टोपी का इस्तेमाल करें। धूप में टोपी और छाते का इस्तेमाल करने से शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। गर्मियों में जहां तक संभव हो, 12 से 4 बजे तक घर के बाहर जाने से बचें। इस समय तापमान सबसे ज्यादा होता है, जो बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
- पानी युक्त फलों का सेवन करें—गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए पानी युक्त फल जैसे तरबूज, खीरा, पपीता, ककड़ी और आम का सेवन करें। यह फल शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में भी मदद करते हैं।
- अगर आपका फील्ड वर्क रहता है, तो समय-समय पर ब्रेक लेना न भूलें।
- अपने आसपास हवा के क्रास वेंटिलेशन का ख्याल रखें ताकि गर्मी बाहर निकल सके।
- अगर आपको थकान, कमजोरी या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो लक्षणों की पहचान करके डॉक्टर से संपर्क करें।
क्या करने से बचें
- लू और गर्मियों में ज्यादा तला, भुना और मसालेदार खाना खाने से बचें। मसाले और तेल शरीर के अंदर गर्मी को बढ़ाते हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
- गर्मियों में चाय, कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करें। चाय और कॉफी में कैफीन पाया जाता है, ये शरीर को डिहाइड्रेट करते हैं और लू लगने का खतरा बढ़ाती है।
- भीड़ वाली जगह और बिना वेंटिलेशन वाली जगहों पर जाने से बचें। हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि ऐसी जगहों पर जाने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है। इसकी वजह से थकावट, चक्कर आना और सिरदर्द की परेशानी हो सकती है।