स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

Bihar news : IGIMS में रोबोटिक सर्जरी जल्द : मंगल पांडेय

Bihar news : IGIMS में रोबोटिक सर्जरी जल्द : मंगल पांडेय

पटना (स्वस्थ भारत मीडिया)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि IGIMS में रोबोटिक सर्जरी यूनिट की जल्द ही स्थापना की जायेगी जिससे सरकारी अस्पतालों में भी अत्याधुनिक तकनीकों से जटिल सर्जरी संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि कैंसर संस्थान में अबतक 4357, हार्ट संस्थान में 1361, न्यूरो साइंस में 157, यूरोलॉजी विभाग में 172 रेफरल मरीजों का इलाज हो चुका हैं। 8 बोन मैरो ट्रांसप्लांट और 6 किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक पूरे किये गये हैं । बिहार सरकार की प्रतिबद्धता अब सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की तकनीकी रूप से सक्षम, सुलभ और आत्मनिर्भर बनाना भी लक्ष्य है।

मेदांता में रोबोट ने संभाली कमान

पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में बिहार की पहली एडवांस्ड सर्जिकल रोबोट मशीन ने दस्तक दे दी है। इसके उद्घाटन के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि यह बिहार के हेल्थ सिस्टम में टेक्नोलॉजी की एंट्री है। मेदांता अस्पताल की इस पहल से जटिल सर्जरी अब कम चीरे, कम खून और तेज़ रिकवरी के लिए शहर दर शहर भटकना नहीं पड़ेगा। इसी टेक्नोलॉजी से यहां बिहार और झारखंड की पहली रोबोटिक ऑन्कोलॉजी सर्जरी भी की गई। डॉ. संदीप कुमार की टीम ने महिला मरीज के गर्भाशय से कैंसर ट्यूमर को हटाया, वो भी बिना ज्यादा चीरा लगाए। डॉ संदीप ने बताया कि यह तकनीक बेहद सटीक होती है, जिससे आसपास के हेल्दी टिशू बच जाते हैं और रिकवरी तेज़ होती है। यह तकनीक यूरोलॉजी, गायनेक ऑन्कोलॉजी जैसे रोगों की सर्जरी में इस्तेमाल हो रही है। जल्द ही कार्डियक और ब्रेस्ट सर्जरी में भी इसका इस्तेमाल शुरू किया जाएगा।

IGIMS का GTCH के साथ करार

IGIMS और राजकीय तिब्बी कॉलेज एवं अस्पताल (GTCH), पटना के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया है। इससे अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा यूनानी चिकित्सा के छात्रों को अत्याधुनिक अनुसंधान संसाधनों तक पहुंच मिलेगी। इसके तहत जीटीसीएच के छात्रों को अब आईजीआईएमएस की आधुनिक प्रयोगशालाओं एवं रिसर्च फैसिलिटी का लाभ मिलेगा जिससे वे वैज्ञानिक पद्धति के अनुरूप पशु-आधारित अनुसंधान कर सकेंगे। यह सहयोग न केवल यूनानी चिकित्सा में अनुसंधान की गुणवत्ता को ऊँचाई प्रदान करेगा बल्कि छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान में भी अभूतपूर्व वृद्धि करेगा। इस अवसर पर जीटीसीएच के प्राचार्य प्रो. मो. महफूजूर रहमान ने कहा कि यह समझौता हमारे छात्रों के लिए एक स्वर्णिम अवसर है। अब वे वैज्ञानिक अनुसंधान की बारीकियों को करीब से समझ सकेंगे। वहीं, आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिन्दे कुमार ने इसे इंटर-डिसिप्लिनरी प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से यूनानी और आधुनिक चिकित्सा के बीच समन्वय विकसित होगा, जो स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

हड्डी व न्यूरो अस्पताल दो महीने में

स्वास्थ्य मंत्री ने पटना के लोकनायक जयप्रकाश नारायण हड्डी अस्पताल (LNJP) परिसर में एम. आर. आई. सेवा का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के मुताबिक इस अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर के तहत बनाना है। इसी को देखते हुए इसे 400 बेड का बनाया जा रहा है। तब यह भारत के सबसे बड़ा हड्डी और न्यूरो का अस्पताल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां प्रदेशवासी एमआरआई की जांच करा सकेंगे। वह भी सीजीएचएस रेट से 6 प्रतिशत कम रेट पर। अब यहां स्पोर्ट्स इंजुरी यूनिट की भी शुरूआत होगी और आधुनिक उपकरणों को जल्द से जल्द लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत प्रत्येक वर्ष 1.5 करोड़ रुपये का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। राज्य में चार करोड़ लोगों का आयुष्मान कार्ड बन गया है।

दंत चिकित्सालय एवं डेंटल कॉलेज भी

स्वास्थ्य मंत्री ने आईजीआईएमएस के क्षेत्रीय चक्षु संस्थान के विभिन्न नई सुविधाओं का लोकार्पण किया। इमरजेंसी सेवा में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, आंखों की जांच के लिए विभिन्न अत्याधुनिक उपकरण एवं दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी का भी उद्घाटन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इमरजेंसी में आये हुए मरीजों को तत्काल ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हो सके। हमारी यह कोशिश है कि बिहार के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आये हुए मरीजों को कम से कम समय में उच्चतम गुणवत्ता वाली चिकित्सा उपलब्ध करायी जा सके। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में जल्द ही 100 बेड का दंत चिकित्सालय एवं 50 सीट वाले डेंटल कॉलेज की स्थापना होगी।

Related posts

‘भारतीयता’ का वाहक बन रहा है कोरोना!

Ashutosh Kumar Singh

Amrit pharmacy का देशभर में होगा विस्तार: नड्डा

admin

90 की कमर पुरुषों की सेहत के लिए ठीक

admin

Leave a Comment