स्वस्थ भारत मीडिया
नीचे की कहानी / BOTTOM STORY रोग / Disease समाचार / News साक्षात्कार / Interview

लाइलाज नहीं है गठिया बशर्ते…

Don't worry Arthritis is curable but...

गठिया सुनने में सामान्य-सा रोग लगता है लेकिन सच्चाई यह नहीं है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि गठिया दरअसल रोगों का समुच्चय है। कई रोगों का वाहक है गठिया। गठिया के इलाज को लेकर आज भी हमारे समाज में तमाम तरह का भ्रम फैला हुआ है। सही जानकारी के अभाव में आम लोग गठिया का इलाज सही समय पर नहीं करा पाते हैं जिसके कारण उन्हें अपंगता का शिकार होना पड़ता है। नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में एक विभाग है रियूमेटोलॉजी। 1960 के दशक से गठिया के इलाज में एम्स के चिकित्सक जुटे हुए हैं। चिकित्सकों की मेहनत का प्रतिफल यह रहा है कि 2015 से यहां पर व्यवस्थित रूप से रियूमेटोलॉजी विभाग कार्य कर रहा है और जल्द ही सुपर स्पेशियालिटी का पाठ्यक्रम शुरू होने वाला है। आंकड़ों की बात करें तो वर्तमान समय में रियूमेटोलॉजिस्ट यानी गठिया रोग विशेषज्ञ देश भर में 500 से ज्यादा नहीं हैं। लेकिन गठिया के रोगियों की संख्या दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ती जा रही है। ऐसे में इस रोग से बचाव एवं सही इलाज के संबंध में एम्स, नई दिल्ली की रुमेटोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) उमा कुमार से  युगवार्ता के लिए वरिष्ठ स्वास्थ्य पत्रकार आशुतोष कुमार सिंह ने विशेष बातचीत की। प्रस्तुत है बातचीत का संपादित अंश:

गठिया रोग क्या है?
गठिया रोग की वह अवस्था है जिसमें व्यक्ति के जोड़ों में दर्द, सूजन, लालिमा एवं चलने-फिरने में बाधा उत्पन्न होती है। गठिया लगभग 200 से अधिक प्रकार का हो सकता है।
ऐसा माना जाता है कि गठिया का आक्रमण सिर्फ बुजुर्गों पर होता है? क्या यह सत्य है?
ऐसा नहीं है। यह रोग किसी भी आयु के व्यक्ति (नवजात से लेकर वृद्ध) तक हो सकता है। लेकिन कुछ गठिया ऐसा होता है जो किसी निर्दिष्ट आयु के लोगों को ही ग्रसित करता है। जैसे ओस्टियोऑर्थिराइटिस गठिया बुजुर्गों को तो एनकाइलोजिंग स्पोन्डिलाइटिस युवकों में अधिक पाया जाता है। कुछ गठिया, जैसे जुवेनाइल इडियोपेथिक ऑर्थराइटिस और रियूमेटिक फीवर आदि बच्चों में पाए जाते हैं।
आमतौर पर यह धारणा है कि यह रोग स्त्रियों में ज्यादा पाया जाता है। क्या यह सच है?
तथ्यों की बात की जाए तो ऑटोइम्यून ऑर्थराइटिस स्त्रियों में प्रजनन काल की आयु में पुरूषों से अधिक पाया जाता है। रिमूमेटोएड ऑर्थराइटिस स्त्रियों में तीन गुणा अधिक पाया जाता है।
आपने गठिया के जो लक्षण बताए गर वैसा लक्षण दिखें तो किस विभाग के चिकित्सक के पास जाना चाहिए?
ऐसे में आपको गठिया रोग विशेषज्ञ (रुमेटोलॉजिस्ट) से सलाह लेनी चाहिए। विशेषज्ञ के अभाव में आप फिजिशियन (एमडी) से सलाह ले सकते हैं।
एम्स, नई दिल्ल के रुमेटॉलॉजिस्ट विभाग में क्या-क्या सुविधाएं हैं?
सबसे पहले तो यहां पर हमलोग ईलाज का खर्च नहीं लेते हैं। दवा का खर्च आता है। जांच का खर्च भी बाजार से एक चौथाई ही होता है। हमारे विभाग में अभी 27 लोग कार्यरत हैं, जिनमें रेजिडेंट चिकित्सक, जूनियर रेजिडेंट, ऑकुपेशनल थिरेपिस्ट, लैब टेक्नीसियन आदि सम्मिलित हैं। 60 के दशक में एम्स में रियूमेटोलॉजी शुरू हुई। 2009 में चार विशेषज्ञ में से 3 कॉरपोरेट अस्पतालों में चले गए। तब मेरे पार इस विभाग की जिम्मेदारी है। तब एक रेजीडेंट एवं एक लैब टेक्नीशियन थे। तब से इस विभाग को मजबूत करने के लिए हम लगातार  प्रयासरत हैं। 2012 में 6 बिस्तर वाला रियूमेटोलॉजी डे केयर शुरू हुआ। इसमें मरीजों को जोड़ों में इंजेक्शन लगाना, बायोप्सी करने से लेकर अल्ट्रासाउंड तक की व्यवस्था की गई। एक दिन में 30-40 मरीजों का इलाज यहां हो रहा है। 2015 से एक प्रोपर विभाग के रूप में हम काम कर रहे हैं।
एम्स, नई दिल्ली से इतर रुमेटोलॉजी विभाग किन-किन अस्पतालों में हैं। और अभी तक देश भर में कितने रुयूमेटोलॉजिस्ट होंगे?
पीजीआई चंडीगढ़, केजीएमसी लखनऊ, निम्स हैदराबाद, सीएमसी बेल्लोर एवं जीपमेर पॉडीचेरी में विगत पांच वर्षों में रियूमेटोलॉजी विभाग बने हैं। जहां तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या का प्रश्न है तो अभी यह पूरे भारत में 500 से ज्यादा नहीं है। एम्स भी सुपर स्पेशियालिटी पाठ्यक्रम जल्द शुरू करने जा रहा है। इसको लेकर हमलोग तैयारी कर रहे हैं।
अक्सर यह देखा गया है कि गठिया के मामले में या तो हम ऑर्थोपेडिक सर्जन के पास पहुंचते हैं या न्यूरो के जानकार के पास। जबकि आप कह रही हैं कि गठिया का विशेषज्ञ रियूमेटोलॉजिस्ट होता है। ऐसे में एक आम आदमी इसमें विभेद कैसे करेगा?
जोड़ों का रोग जो दवाइयों से ठीक होते हैं वह रियूमेटोलॉजिस्ट का कार्यक्षेत्र है। जब यह जोड़ अत्यधिक रुप से विकृत हो जाते हैं और उन्हें बदलने (ज्वांट रिप्लेस्मेंट) की जरूरत पड़ती है या हड्डी टूट जाती है तब ऑर्थोपेडिक सर्जन की सलाह की जरूरत पड़ती है।
क्या गठिया से पीड़ित महिला गर्भधारण करने एवं स्वस्थ संतान को जन्म देने में सक्षम है?
हां, स्त्रियां जिनमें गठिया रोग पाया गया है वह गर्भधारण करने एवं स्वस्थ संतान को जन्म देने में सक्षम हैं। चूंकि गठिया की कुछ दवाइयों का दुष्परिणाम उनके गर्भस्थ शिशु पर पड़ सकता है अतः उन्हें गर्भ धारण के पूर्व अपने रियूमेटोलॉजिस्ट से सलाह कर लेनी चाहिए ताकि वह दवाइयां बदल सके।
क्या गठिया को पूर्णतः ठीक किया जा सकता है?
गठिया का इलाज संभव है। इसको उपयुक्त औषधियों, संतुलित आहार एवं शारीरिक व्यायाम द्वारा पूर्णतः नियंत्रित किया जा सकता है। कुछ गठिया रोग जैसे वायरल अर्थाराइटिस, ट्यूबरकुलर अर्थाराइटिस आदि ऐसे रोग हैं जिनको पूर्णतः ठीक किया जा सकता है।
गठिया रोग विशेषज्ञ होने के नाते आप किन-किन व्यायामों को करने की अनुशंसा करेंगी?
मैं मुख्यतः तीन व्यायामों की अनुशंसा अपने मरीजों को करती हूं। पहला वह जिससे आपकी गतिशीलता एवं जोड़ों की सामान्य स्थिति बनी रहे उनमें जड़ता न उत्पन्न हो। दूसरा मांसपेशियों को शक्ति प्रदान करने वाले व्यायाम। तीसरा ऐरोविक व्यायाम जिससे हृदय में सही रक्त का संचालन हो और वजन भी नियंत्रित रहे। गठिया के रोगियों में वजन का नियंत्रण बहुत जरूरी है।
गठिया के रोगियों को खान-पान में किस तरह का परहेज करना चाहिए?
अमूमन खान-पान में किसी परहेज की सलाह तो हमलोग नहीं देते हैं। परंतु गाउट (अर्थराइटिस का एक प्रकार जिसमें जोड़ों में बहुत दर्द एवं स्वेलिंग हो जाती है) रोगी को सी-फूड एवं मद्यपान से परहेज करना चाहिए। धूम्रपान गठिया रोगी के लिए पूर्णतः वर्जित है।
क्या गठिया रोगी रक्तदान कर सकते हैं?
कोई भी रोगी जिसे ऑटोइम्यून रोग हो उसे रक्तदान नहीं करना चाहिए। यदि रोग पूरी तरह ठीक हो गया हो एवं सभी औषधियां 1 माह पहले बंद हो गई हों तो वह रक्तदान कर सकता है।
अगर माता-पिता गठिया से पीड़ित हैं तो क्या संतान को भी गठिया की जांच करानी चाहिए?
नहीं, जबतक गठिया के लक्षण न दिखे, जांच की जरूरत नहीं है।
क्या ज्यादा तनावग्रस्त रहने से जोड़ों का दर्द और थकान बढ़ जाता है?
हां, तनाव से जोड़ों का दर्द और थकान अधिक महसूस होता है।
मधुमेह रोगियों में ब्लड-सुगर को नियंत्रित करना क्यों महत्वपूर्ण है?
ब्लड सुगर को नियंत्रित नही किया गया तो इनमें मधुमेही ऑर्थाराइटिस विकसित हो सकता है, जिसके कारण जोड़ों में गतिशिलता प्रभावित होती है और जोड़ों में दर्द शुरू हो जाता है।
जोड़ों का बचाव कैसे किया जा सकता है?
चलने-फिरने, बैठने-उठने, वजन उठाने इत्यादि का सही तरीका अपनाने से जोड़ों को ज्यादा दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है। उदाहरण के लिए नीचे से समान उठाने के लिए अपने कूल्हों और घुटनों का इस्तेमाल करें न कि कमर का उपयोग।
अंत में युगवार्ता के माध्यम से आप गठिया के मरीजों को क्या संदेश देना चाहेंगी?
बीमारी का जल्द पता चलना एवं व्यवस्थित तरीके से जल्द इसका इलाज शुरू होना ही फिलहाल गठिया के दुष्प्रभाव को सीमित करने का उत्तम उपाय है। अतः मैं तो यही कहूंगी गठिया होने के जो लक्षण बताए गए हैं अगर ऐसा है तो आप अपने गठिया रोग विशेषज्ञ अथवा फिजिशियन (एमडी) से जरूर सलाह करें।
नोटः यह साक्षात्कार युगवार्ता साप्ताहिक के 20-27 अक्टूबर, 2019 के अंक में प्रकाशित हो चुका है।
 
 

Related posts

Top-selling 100 drugs to get cheaper soon

Ashutosh Kumar Singh

Waste से Wealth : प्लास्टिक वेस्ट की रीसाइक्लिंग से प्रदूषण कम करने का आह्वान

admin

भारत के अस्पतालों में बढ़ रही विदेशी मरीजों की संख्या

admin

Leave a Comment