स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

AIIMS Bathinda: कैंसर देखभाल के लिए अत्याधुनिक मशीन स्थापित

AIIMS Bathinda: कैंसर देखभाल के लिए अत्याधुनिक मशीन स्थापित

नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने एम्स बठिंडा (AIIMS Bathinda) में अत्याधुनिक पॉजि‍ट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी-कंप्यूटेड टोमोग्राफी (PET-CT) सुविधा और दूसरी हाई एनर्जी लीनियर एक्सेलेरेटर (HELA) इकाई का उद्घाटन किया जिससे वहां की कैंसर निदान और उपचार क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ये उन्नत सुविधाएं रोगों का शीघ्र पता लगाने, सटीक निदान और सटीक कैंसर उपचार को सक्षम बनाएंगी, जिससे पंजाब और पड़ोसी राज्यों के रोगियों को लाभ होगा। इसके अलावा एक बर्न इंटेंसिव केयर यूनिट (Burn ICU) का भी उद्घाटन किया, जो गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के लिए व्यापक गहन देखभाल और उपचार प्रदान करने के लिए अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित है। उन्होंने बाल विकास और प्रारंभिक सेवा केंद्र (CDEIC) भी समर्पित किया। क्षेत्र में अपनी तरह की पहली सुविधा सीडीईआईसी बच्चों में विकासात्मक विकारों और विकलांगताओं की प्रारंभिक पहचान, निदान और प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे बाल स्वास्थ्य संबंधी परिणामों में सुधार होगा। वे यहां दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित करने आये थे।

एम्स बठिंडा: सामुदायिक सेवा को सराहा

इस मौके पर श्री नड्डा ने विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक यात्रा के सफल समापन पर बधाई दी और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा वितरण में संस्थान के तीव्र विकास और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एम्स बठिंडा आज प्रतिदिन लगभग 3,000 ओपीडी और लगभग 600 आईपीडी रोगियों को सेवाएं प्रदान करता है, साथ ही एम्स ब्रांड से जुड़े उच्च मानकों और विश्वसनीयता को भी बनाए रखता है। स्वास्थ्य मंत्री ने वहां की सामुदायिक सेवा पहलों की भी सराहना की, जिनमें आसपास के 59 गांवों में महीने में दो बार आयुष्मान शिविरों का आयोजन शामिल है, जहां नागरिकों की मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों की जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन सेवाओं, मोबाइल मेडिकल यूनिटों, ग्रामीण जागरूकता अभियानों और स्वास्थ्य सेवा संबंधी लोकसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान अस्पताल आधारित देखभाल से परे जन स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

एम्स बठिंडा: हेल्थ सेवा का विजन विस्तार

श्री नड्डा ने कहा कि भारत का स्वास्थ्य सेवा का विजन मुख्य रूप से उपचारात्मक मॉडल से विकसित होकर एक व्यापक ढांचे में तब्दील हो गया है, जिसमें निवारक, प्रोत्साहक, पुनर्वास, उपशामक और वृद्धावस्था देखभाल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आज देश भर में 18 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिक संपर्क बिंदु के रूप में कार्य कर रहे हैं। सरकार द्वारा निवारक स्वास्थ्य देखभाल पर दिए जा रहे विशेष ध्यान पर बल देते हुए उन्होंने बताया कि पंचायतों, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को नियमित जांच कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन पहलों के तहत हासिल की गई प्रगति को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि 36 करोड़ से अधिक लोगों की मुख कैंसर की जांच की जा चुकी है, 17 करोड़ से अधिक महिलाओं की स्तन कैंसर की जांच और 9 करोड़ से अधिक महिलाओं की गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, 42 करोड़ से अधिक व्यक्तियों की मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच की जा चुकी है, जबकि देशव्यापी तपेदिक जांच अभियान भी चल रहा है।

एम्स बठिंडा: देश में अब 23 एम्स

राष्ट्र निर्माण में स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का सपना केवल स्वस्थ और उत्पादक आबादी के माध्यम से ही साकार हो सकता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सरकारें बुनियादी ढांचा और आधुनिक सुविधाएं प्रदान कर सकती हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवा अंततः डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों के समर्पण, योग्यता और करुणा पर निर्भर करती है। डॉक्टरों को स्वास्थ्य प्रणाली की असली ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा स्वास्थ्य सेवा का “हार्डवेयर” हो सकता है, लेकिन स्वास्थ्य पेशेवर इसका “सॉफ्टवेयर” हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के विस्‍तार में पंजाब सरकार की प्राथमिकता बना हुआ है और उन्‍होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे के विस्तार पर प्रकाश डाला। मालूम हो कि भारत की चिकित्सा शिक्षा प्रणाली के अभूतपूर्व विस्तार पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एम्स संस्थानों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है, मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 820 से अधिक हो गई है, स्नातक चिकित्सा सीटों की संख्या लगभग 59,000 से बढ़कर 1.28 लाख से अधिक हो गई है और स्नातकोत्तर सीटों की संख्या लगभग 31,000 से बढ़कर 86,000 से अधिक हो गई है।

Related posts

पीएमबीजेपी के अन्तर्गत खुलने वाली जनऔषधि केन्द्रों की संख्या 5000 तक बढाई जायेगीः नरेन्द्र मोदी

बजट में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के आवंटन में वृद्धि

admin

फोटोग्राफी प्रतियोगिता ‘मेला मोमेंट्स’ के आयोजन की तैयारी

admin

Leave a Comment