नयी दिल्ली (स्वस्थ भारत मीडिया)। कोविड ने फिर नए रूप में आकर डराना शुरु कर दिया है। खबर है कि अमेरिका समेत दुनिया के 22 देशों में कोरोना वायरस के नये वेरिएंट के फैलने का पता चला है। वैज्ञानिकों को पता चला है कि Covid-19 के इस नये वेरिएंट में म्यूटेशन की संख्या असामान्य रूप से ज्यादा देखी जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक इस वेरिएंट का नाम BA.3.2 है। शोधकर्ताओं ने इस वेरिएंट को अनौपचारिक रूप से ‘Cicada’ नाम दिया है। यह उस कीड़े का नाम है जो जमीन के नीचे लंबे समय तक रहने के बाद बाहर निकलता है। यह वेरिएंट सबसे पहले नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका में पाया गया था। लेकिन उसके बाद यह लंबे समय तक गायब रहा। अब अचानक 2026 की शुरुआत में इसके मामले फिर से बढ़ने लगे हैं इसलिए विशेषज्ञों ने इसे ‘सिकाडा’ नाम दिया है।
Cicada: काफी ज्यादा म्यूटेशन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस वेरिएंट में लगभग 70 से 75 म्यूटेशन हैं जो पिछले वेरिएंट्स जैसे JN.1 की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा हैं। इनमें से कई बदलाव स्पाइक प्रोटीन में होते हैं। यह वायरस का वह हिस्सा है जो उसे इंसानी कोशिकाओं में प्रवेश करने में मदद करता है और यह वैक्सीनेशन या पिछले संक्रमण से बनी एंटीबॉडीज का मुख्य निशाना होता है। इतने ज्यादा म्यूटेशन होने की वजह से यह वैक्सीन या पिछली संक्रमण से बनी एंटीबॉडीज को चकमा देने में ज्यादा सक्षम हो सकता है। अच्छी बात यह है कि यह पिछले वेरिएंट्स की तुलना में ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा नहीं कर रहा है। अस्पताल में भर्ती होने की दर में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं देखी गई है। अभी तक के रिसर्च से पता चला है कि BA.3.2 में ‘इम्यून एस्केप’ यानि प्रतिरक्षा से बचने की क्षमता बढ़ गई है। इसका मतलब है कि मौजूदा Covid-19 वैक्सीन या पिछले संक्रमण से बनी एंटीबॉडीज वायरस को बेअसर करने में कम प्रभावी साबित होती हैं। लेकिन इसके बाद भी ये शरीर पर ज्यादा असर नहीं डाल पा रहा है। वैज्ञानिकों ने कहा है कि पूरी तरह से इस वायरस को समझने के लिए दुनिया के अलग अलग हिस्सों में इसके असर संबंधित डेटा का अभी विश्लेषण करना बाकी है।
Cicada: नए वेरिएंट के लक्षण
इसके लक्षण कोविड के दूसरे लहर के बाद आए ओमिक्रॉन वेरिएंट की तरह ही देखने को मिले हैं। जैसे- गले में तेज खराश इसका सबसे प्रमुख लक्षण है। हल्का बुखार आना और तेज ठंड लगना, सूखी खांसी और थकान, नाक बहना या बंद होना। इसके अलावा एक नया लक्षण भी पता चला है। कुछ मामलों में पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे मतली या दस्त भी देखे गए हैं। US Centers for Disease Control and Prevention (CDC) के मुताबिक यह पैटर्न इस बात का संकेत हो सकता है कि यह जानलेवा संकट नहीं बनेगा।
