स्वस्थ भारत मीडिया
समाचार / News

पोलियो की तरह टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में जुटी सरकार

  • पल्स पोलियो की रजत जयंती मनाने जा रही है सरकार, टीका न लगने के  कारण कोई बच्‍चा नहीं होगा बीमार
  • पल्स पोलियो की रजत जयंती पर हर बच्‍चे तक जीवन रक्षक टीकों के साथ पहुंचने की सरकार ने ली प्रतिज्ञा

नई दिल्ली/ एसबीएम ब्यूरो
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, देश से पोलियो वायरस के उन्मूलन की महत्वपूर्ण यात्रा के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। 31 अक्टूबर 2019 को दिल्ली में ‘पल्स पोलियो’ की रजत जयंती मनाने और जीवन रक्षक टीकों के साथ प्रत्येक बच्चे तक पहुंचने की प्रतिज्ञा के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में देश-विदेश के कई दिग्गजों को आमंत्रित किया गया है जो 1994 में राज्य सरकार के अधिकारियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पोलियो उन्मूलन के लिए मैदान से जुड़े थे।

दिल्‍ली में होगा पल्‍स पोलियो की रजत जयंती पर भव्‍य आयोजन

दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय के मुख्यालय में पल्स पोलियो कार्यक्रम की रजत जयंती समारोह पर एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा कि देश में सफल पल्स पोलियो अभियान के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आगामी 31 अक्टूबर को दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन होगा।

डब्‍ल्‍यूएचओ ने 1988 में पोलियो उन्‍मूलन का लिया था संकल्‍प

1988 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी विश्व स्वास्थ्य असेंबली में इस बात का संकल्प लिया था कि वो दुनिया से पोलियो को समाप्त करेगा। उस समय दुनिया के 60% पोलियो ग्रस्त बच्चे भारत में हुआ करते थे और कोई भी इसे खत्म करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था। लोग इसे असंभव मानते थे। लेकिन हमने सभी के सहयोग से इसे खत्म कर दिखाया।

समाज के सहयोग से पोलिया का हुआ खात्‍मा

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में 1994 में हमारी सरकार बनने के बाद हमने समाज के लोगों को इसमें शामिल किया। इस अभियान को लेकर जो लोग निराशाजनक बातें करते थे, उनसे मैं एक ही बात कहता था कि अगर हम देश में सभी लोगों तक बैलेट पेपर पहुंचा सकते हैं तो अपने बच्चों तक पोलियो की खुराक क्यों नहीं पहुंचा सकते।

2024 में देश हुआ पोलियो मुक्‍त

विश्व स्वास्थ संगठन ने 2014 में लगातार तीन साल तक कोई भी पोलियो का मामला सामने नहीं आने के कारण भारत को पोलियो मुक्त राष्ट्र घोषित किया। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को हम सिर्फ पल्‍स पोलियो अभियान की सफलता का जश्न ही नहीं मनाएंगे, बल्कि देश को मुफ्त टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लेंगे।

टीबी हारेगा, देश जीतेगा

मिशन इंद्र धनुष 2.0 के तहत हर एक बच्चे तक टीकाकरण अभियान को पहुंचाने का लक्ष्य है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा कि TB के खिलाफ हमारी जंग जारी है। टीबी हारेगा, देश जीतेगा। आने वाले समय में हमें काला ज़ार को भी जड़ से समाप्त करना है। इसके साथ ही मिजल्स, मलेरिया और फायलेरिया को भी खात्मे की तरफ हमें लेकर जाना है।

Related posts

फार्मासिस्ट को मिले प्रिस्क्रिप्सन का अधिकार : विवेक मौर्य

Ashutosh Kumar Singh

बेंगलुरु में आयुष उत्कृष्टता केंद्र परियोजना का हुआ उद्घाटन

admin

Fight against Crime with Scientific Aids by Forensic Teams

Ashutosh Kumar Singh

Leave a Comment